मंझनपुर (ब्यूरो)। आटाचक्की की साफ्टीन में फंसने से सोमवार की सुबह बनीखास गांव के एक किशोर की मौत हो गई। हादसे से घर-परिवार में कोहराम मच गया। दोपहर परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर की शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। किशोर की मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के बनीखास गांव निवासी सेवक लाल की गांव में ही आटाचक्की है।
सोमवार की सुबह वह गेंहू की पिसाई कर रहा था बताया जाता है कि वहीं उसका बेटा ननका (15) भी खड़ा था। इसी दौरान उसकी जैकेट साफ्टीन में फंस गई। साफ्टीन की चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई। खून से लथपथ पड़े ननका की लाश देख लोगों के होश उड़ गए। घर में कोहराम मच गया। हादसे की खबर लगते ही गांववालों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बिलख रहे परिजनों को सांत्वना देकर शांत कराया। दोपहर घरवालों ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बेटे की मौत से घर-परिवार के लोगों की रो-रोकर हालत खराब बनी हुई है। वहीं कौशाम्बी के कोतवाली प्रभारी शिव आसरे ने ऐसी किसी भी घटना की जानकारी होने से ही इंकार किया है।