दिल्ली से सेल्स टैक्स चोरी करके लाए जा रहे स्पेयर पार्ट्स के करीब 50 नग विभाग के सचल दल ने पकड़ लिए। बस में शहर के दुकानदारों के साथ ही आस-पास के ब्लाकों के दुकानदारों का माल भी है। पकड़े गए माल की कीमत लाखों में बताई जा रही है, जबकि अधिकारी माल की कीमत के बारे स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं।
शुक्रवार को सुबह करीब छह बजे सेल्स टैक्स के प्रवर्तन दल के असिस्टेंट कमिश्नर संजय कुमार को सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से आ रही प्राइवेट बस संख्या यूपी-23 टी 4584 से टैक्स चोरी करके माल लाया जा रहा है। इस पर फौरी तौर पर कार्रवाई करते हुए संजय हथौड़ा चौराहा के पास टीम सहित पहुंच गए। करीब साढ़े छह बजे सरायकाइंया की ओर से आ रही बस को चौराहा के पास स्थित बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास रोक लिया गया। सेल्स टैक्स टीम ने बस की चेकिंग की तो उसमें करीब 50 नग स्पेयर पार्ट्स बरामद हुए।
इस पर बस कंडक्टर साजिद हुसैन से स्पेयर पार्ट्स के मालिकों के बारे में पूछा तो वह नाम नहीं बता सके। साथ ही उन लोगों के पास से किसी भी प्रकार के प्रपत्र नहीं मिले। इस पर बस में रखे माल को उतार लिया गया। इस दौरान वहां पर काफी भीड़ लग गई, जिन्हें पुलिस ने भगाया। बाद में टीम वहां से माल लादकर ले आई।
स्पेयर पार्ट्स पकड़े जाने की सूचना मिलने पर व्यापारी शहीद उद्यान के सामने स्थित कार्यालय में सेल्स टैक्स कार्यालय में एकत्रित होने लगे और माल छुड़ाने के बारे में अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत करते रहे। हालांकि शाम तक किसी भी व्यापारी का नाम एवं पता नहीं चल सका। सेल्स टैक्स टीम ने बस कंडक्टर से बस की आरसी और इंश्योरेंस के कागज जमा करा लिए, जिससे व्यापारियों का पता लगाया जा सके।
सेल्स टैक्स के असिस्टेंट कमिश्नर संजय कुमार का कहना है कि यदि स्पेयर पार्ट्स से संबंधित प्रपत्र न होने की वजह से यदि व्यापारी टैक्स अदा करने वाला प्रपत्र भी देंगे तब भी उन लोगों पर जुर्माना लगाया जाएगा। सोमवार को ही व्यापारी टैक्स जमा करके माल छुड़ाने पहुंचें।