शाहजहांपुर में एक महिला ने अपने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि पति ने उसके अश्लील वीडियो और फोटो बना लिए थे। अब विवाद होने के बाद वह फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है।
शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने अपने पति के खिलाफ अश्लील वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोप है कि शादी के बाद आरोपी ने अश्लील फोटो खींच लिए थे। विवाद होने पर दोनों के अलग होने पर पति ब्लैकमेल करते हुए धमका रहा है। सदर बाजार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि पति के साथ उसका पारिवारिक विवाद चल रहा है। पूर्व में भी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 15 जुलाई को सुलह समझौते के लिए केंद्र पर आए थे। इस दौरान पति ने उसे रास्ते में रोककर धमकी दी। कहा कि मुकदमा वापस ले लो नहीं तो जो वैवाहिक संबंधों की बनाई अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। वीडियो सभी रिश्तेदारों के पास भेज देंगे।
महिला ने बताया कि ब्लैकमेलिंग के कारण वह मानसिक तनाव में हैं। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना कराकर तथ्य व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।