एक पति ने मंगलवार सुबह पत्नी को सरेराह कुल्हाड़ी से हमला करके मार डाला। घटना के समय पत्नी दो अन्य महिलाओं के साथ खेत की ओर जा रही थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सास-ससुर को भी हत्या की साजिश रचने का आरोपी बनाया गया है।
नगर के मोहल्ला पूर्वी गढ़ी निवासी मुकेश कुमार नशे का आदी है और आए दिन पत्नी पिंकी (35) को पीटता था। सोमवार रात भी उसने पत्नी को पीटा और घर में रखे कपड़ों में आग लगा दी थी। मंगलवार सुबह मुकेश ने पत्नी से जंगल जाने की बात कहते हुए जल्द खाना बनाने को कहा। पिंकी ने उसे खाना खिला दिया और इसके बाद सुबह नौ बजे वह मोहल्ले की ही दृष्टिहीन सीमा देवी, राधेश्याम की पत्नी रेनू देवी और छह वर्षीय पुत्र राज के साथ खेत के लिए निकल गई।
पिंकी अभी मोहल्ले से निकल ही पाई थी कि पीछे से मुकेश आ गया और बेटे राज को जंगल साथ ले जाने की जिद करने लगा। मुकेश उसे जबरन ले जाने लगा तो पिंकी ने पुत्र को छीन लिया। इस पर मुकेश ने साइकिल से कुल्हाड़ी निकालकर पत्नी पर तब तक प्रहार किए जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।