जिला पंचायत के एक प्रत्याशी को साढ़े तीन सौ वोटों से जिताने के कुछ घंटे बाद उसे हराए जाने की अफवाह पर विजयी प्रत्याशी के समर्थकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। आरओ और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण दोनों प्रत्याशियों के समर्थक भी आमने-सामने आ गए। एडीएम प्रशासन, एएसपी ग्रामीण, एसडीएम और सीओ ने कई घंटे तक माथापच्ची के बाद गड़बड़ी को पकड़कर मामले को शांत किया गया।
वार्ड संख्या नौ पुवायां तृतीय क्षेत्र की मतगणना में राकेश यादव और गोपाल अग्निहोत्री के बीच कड़ी टक्कर हुई। रविवार को दोपहर से लेकर रात तक दोनों प्रत्याशियों में मामूली मतों के अंतर से आगे पीछे होने का सिलसिला चलता रहा। सोमवार की सुबह आरओ विजय कुमार ने राकेश यादव को 322 मतों से जीत जाने की सूचना दे दी। जिस पर वह अपने समर्थकों सहित घर को चले गए। इसके कुछ घंटे बाद आरओ की ओर से जारी की गई मतगणना की सूची में गोपाल को जिता बताया जाने लगा। सूचना मिलने पर राकेश यादव फिर से पुवायां इंटर कालेज में मतगणना स्थल पर पहुंचे और आरओ से जानकारी लेकर अपनी जीत का दावा किया। दोनों प्रत्याशियों की ओर से जीत का दावा होने पर समर्थकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। एसडीएम सलिल कुमार पटेल दोनों प्रत्याशियों को लेकर तहसील पहुंच गए। इसके बाद दोनों प्रत्याशी के समर्थक भी वहां पर आ डटे और अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में नारेबाजी करनी शुरू कर दी। तहसील में हंगामा होता देख खुटार, बंडा, सिंधौली की पुलिस के अलावा पीएसी भी तैनात कर दी गई।
सूचना पाकर एडीएम प्रशासन मुनेंद्र नाथ उपाध्याय, एएसपी ग्रामीण शिवराम भी तहसील पहुंचे और प्रत्याशियों से वार्ता की। इसके बाद मतगणना सूची में गड़बड़ी का मामला अधिकारियों के सामने आया जिसे ठीक किया गया। अधिकारियों और दोनों प्रत्याशियों के बीच कई घंटे तक बंद कमरे में हुई वार्ता के बाद राकेश यादव को शाहजहांपुर भेजकर मामले को शांत किया गया।
गोपाल ने की दुबारा
मतगणना की मांग
पुवायां। विवाद को लेकर गोपाल अग्निहोत्री ने बताया कि आरओ की ओर से उन्हें जो मतगणना सूची दी गई थी उसमें हमें विजयी दर्शाया गया है। इसके बाद उन्हें हार की जानकारी दी गई थी। जिसके आधार पर मैने जिलाधिकारी को संबोधित प्रार्थनापत्र एडीएम प्रशासन को देकर दुबारा से मतगणना कराए जाने की मांग की है।
राकेश ने मांगी
पुलिस से सुरक्षा
पुवायां। अधिकारियों और दोनों प्रत्याशियों के बीच तहसीलदार के कार्यालय में वार्ता चल रही थी। कार्यालय के बाहर गोपाल के समर्थक उनके पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे। अधिकारियों से वार्ता पूरी होने के बाद बाहर हो रहे हंगामे को देखकर राकेश यादव ने अपर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर सुरक्षा की मांग की। जिस पर एएसपी ने सीओ को सुरक्षा के निर्देश दिए। इसके बाद सीओ ने एसओ बंडा के साथ राकेश यादव को घर तक पहुंचवाया। जहां से राकेश शाहजहांपुर चले गए।
मीडिया से दूरी बनाए रहे आरओ
पुवायां। पुवायां में जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत की मतगणना होने के दौरान मीडियाकर्मियों के लिए अलग से पांडाल लगवाया गया था। जहां पर सभी मीडियाकर्मी बैठे थे। रविवार को पूरे दिन मतगणना के बाद भी शाम तक मीडियाकर्मियों को आरओ की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई। शाम को मीडिया वालों ने आरओ से जानकारी मांगी तो उन्होंने सूची नहीं बनने की बात कहते हुए टरका दिया गया। इस मामले की शिकायत कई बार एसडीएम से की गई और एसडीएम ने कई बार आरओ को जानकारी देने के निर्देश भी दिए, लेकिन आरओ ने उनके निर्देशों पर भी कोई अमल नहीं किया। इसके बाद सोमवार को दो प्रत्याशियों के बीच विवाद होने के बाद जब उनसे जानकारी मांगी गई तो उन्होंने एडीएम के साथ होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
322 मतों से जीते
हैं हम: राकेश
पुवायां। जीत-हार को लेकर हुए विवाद के बाद राकेश यादव ने बताया कि सोमवार सुबह आरओ ने उन्हें 322 मतों से जीतने की रिपोर्ट दी और प्रमाणपत्र शाहजहांपुर से लेने को कहा। कुछ घंटे बाद पता लगा कि हम हार गए हैं। अधिकारियों के बीच हुई वार्ता में मतों की गणना वाली सूची में गड़बड़ी होने की बात सामने आई थी। जिसे सही कर दिया गया है।