क्षेत्र के गांव भुन्नीखेड़ा गांव में सोमवार रात एक शादी समारोह में द्वारचार के दौरान चलाई गई गोली से दूल्हे के मौसरे भाई 35 वर्षीय बबलू की मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद शादी टाल दी गई।
गांव भुन्नीखेड़ा निवासी करू शर्मा की बेटी कुंती देवी की शादी फर्रुखाबाद के थाना कंपिल क्षेत्र के गांव सिरसा निवासी रामपाल शर्मा के बेटे टिंकू से तय हुई थी। सोमवार रात बारात गांव पहुंची। बारात दरवाजे पर पहुंची तो द्वारचार की रस्म शुरू हो गई। वधु पक्ष की महिलाएं मंगल गीत गा रही थीं। इसी दौरान बारातियों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली दूल्हे में मौसेरे भाई बबलू पुत्र मुन्नालाल शर्मा के पेट में लगी। गोली लगते ही बबलू जमीन पर गिर गए। अचानक हुई घटना से बारात में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए कायमगंज ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मंगलवार की सुबह मृतक के परिवार वाले शव लेकर थाना कलान पहुंचे। मृतक के चचेरे भाई भूरे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव सिरसा के रोहित उर्फ कीरा ने रंजिशन बबलू पर गोली चलाई, जिससे उनकी मौत हो गई। एसओ अमर सिंह यादव ने बताया कि रंजिशन हत्या की बात बिल्कुल गलत है। हर्ष
फायरिंग में बबलू के गोली लगी थी। लिहाजा गैरइरादतन हत्या की धारा में
मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घटना के बाद लड़की पक्ष के लोग फरार
दूल्हे के मौसेरे भाई बबूल के गोली लगने से घायल होने पर बाराती उन्हें लेकर कायमगंज चले गए। रास्ते में बबलू की मौत होने पर जब यह खबर गांव पहुंची तो लड़की पक्ष के लोग फरार हो गए। उन्हें डर था कि वर पक्ष के लोग कहीं उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज न करा दें। घटना की वहज से शादी भी नहीं हो पाई।
लड़के वालों ने कहा-शादी होगी
लड़के वालों का कहना है कि घटना में कन्या पक्ष का कोई दोष नहीं है। कुछ दिन बाद शुभ तिथि देखकर शादी कर दी जाएगी।