थाना सदर बाजार क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली 23 वर्षीय युवती की पांच साल पहले कंप्यूटर सिखाने वाले टीचर से दोस्ती हो गई। युवती ने तीन साल पहले पीलीभीत के एक नर्सिंग कॉलेज में दखिला ले लिया। वहीं पर युवक ने भी एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी कर ली। दोनों एक कमरे में लिव इन रिलेशन में रहने लगे। दो दिन पहले युवती को पता चला कि उसके प्रेमी की शादी तय हो गई है तो उसने बखेड़ा खड़ा कर दिया। दोनों के बीच काफी विवाद हुआ। बृहस्पतिवार को युवती ने प्रेमी को अपने घर बुलाकर पुलिस को खबर दी। पुलिस युवक को थाने उठा लाई और हवालात में डाल दिया। युवती उसके साथ शादी करने की बात पर अड़ी हुई थी, लेकिन युवक के परिवार वाले इसके लिए तैयार नहीं थे। देर शाम तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत चलती रही, लेकिन कोई फैसला नहीं हुआ।
सदर बाजार क्षेत्र की रहने वाली युवती ने बताया कि वह पांच साल पहले एक इंस्टीट्यूट में कंप्यूटर का कोर्स कर रही थी। वहां कंप्यूटर सिखाने वाले टीचर से उसकी जान पहचान हो गई। टीचर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले का रहने वाला था। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती गहरी हो गई और दोनों के संबंध बन गए। तीन साल पहले उसने पीलीभीत के एक नर्सिंग कॉलेज में दाखिला ले लिया। युवक ने भी पीलीभीत में एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी कर ली। दोनों एक साथ एक कमरे में लिव इन रिलेशन में रहने लगे। दोनों तीन साल से लिव इन रिलेशन में थे। युवक शादी करने का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा। इसी बीच दोनों अपने-अपने घर भी आते-जाते रहे। युवक के पिता आढ़त के बड़े व्यापारी हैं, जबकि युवती के पिता पेंटिंग का काम करते हैं। युवती के मुताबिक दो दिन पहले उसने कमरे में अपने प्रेमी के मोबाइल पर उसकी सगाई के फोटो देखे तो वह चौंक गई। युवक की सगाई बीती 20 जुलाई को कानपुर की एक युवती से हो गई थी, लेकिन युवक फिर भी उसके साथ रहकर संबंध बनाता रहा। सात दिसंबर को युवक की शादी की तारीख भी तय हो गई है। यह बात पता चलने पर दोनों के बीच काफी विवाद भी हुआ। इसके बाद युवक अपने घर चला आया। बृहस्पतिवार को युवती ने युवक को बहाने से उसे अपने घर बुलाया और पुलिस को सूचना दे दी। थाना सदर बाजार पुलिस युवक को थाने ले आई और हवालात में डाल दिया। युवती ने शादी का झांसा देकर रेप करने की तहरीर थाने में दे दी है। दोनों के परिवार वाले थाने पहुंच गए। युवती उसी से शादी करने की बात पर अड़ी हुई थी, लेकिन युवक के पिता इसके लिए तैयार नहीं थे। शादी नहीं करने पर युवती उसके खिलाफ रेप का मुकदमा लिखाने की धमकी दे रही थी। युवक जेल जाने के डर से युवती से शादी करने को तैयार हो गया, लेकिन उसके पिता अपनी जिद पर अड़े हुए थे। देर शाम तक थाने में हंगामा चलता रहा, लेकिन दोनों के बीच कोई समझौता नहीं हो पाया था। फिलहाल, प्रेमी अभी हवालात में हैं।