फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लड़की पुलिस के पास और लड़का गया जेल

Sun, 24 May 2015 11:31 PM IST
शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
गांव बड़ा हरेवा प्रकरण में पुलिस ने लड़की के साथ बरामद हुए लड़के को जेल भेज दिया है। लड़की को सीआरपीसी की धारा 164 के तहत बयान कराने के लिए पुलिस सोमवार को अदालत में पेश करेगी। रविवार को लड़की को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया लेकिन उसका एक्सरे वगैरह नहीं हो सका। यह प्रक्रिया भी सोमवार को होगी।
विज्ञापन

बड़ा हरेवा में कश्यप बिरादरी की एक लड़की धानुक (दलित) बिरादरी के लड़के के साथ चली गई थी, जिसके बाद लड़की के परिवार वालों ने लड़के के परिवार की पांच महिलाओं को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया था। इस वजह से बड़ा हरेवा लखनऊ से दिल्ली तक सुर्खियों में आ गया था। शनिवार को पुलिस ने लड़के और लड़की को बरामद कर लिया। लड़के को तो पुलिस ने जेल भेज दिया जबकि लड़की अभी पुलिस की कस्टडी में ही है। पुलिस के मुताबिक लड़की को सोमवार को अदालत में पेश कर उसका बयान कराया जाएगा। सोमवार को उसकी मेडिकल रिपोर्ट भी मिलने की उम्मीद है जिसके बाद यह भी तय हो जाएगा कि वह बालिग है या नाबालिग। मेडिकल रिपोर्ट और लड़की के बयान के आधार पर ही पुलिस आगे कोई कार्रवाई करेगी।

इसी लड़के से करा दो मेरी शादी
पुलिस हिरासत में लड़की ने अमर उजाला से कहा कि वह इसी लड़के के साथ शादी करना चाहती है। लड़की ने बताया कि उसकी प्रेम कहानी दो साल पहले शुरू हुई थी। उसने संतोष से खुद कहा था कि वह उसे पसंद करती है। घरवालों ने उसकी शादी किसी अन्य युवक से तय कर दी थी। 15 मई को तिलक होना था। यह सब उसकी मर्जी के बगैर हो रहा था। लिहाजा 14 मई की रात 11 बजे दोनों ने घर छोड़ने का फैसला कर लिया। शाहजहांपुर से बरेली होते हुए दिल्ली चले गए थे।
विज्ञापन


मेरे परिवार वालों ने किया अपराध, सजा मिले
 लड़की से जब पूछा गया कि उसके परिवार वालों ने उसे ले जाने के प्रतिशोध में संतोष की मां समेत पांच महिलाओं को निर्वस्त्र करके गांव में घुमाया। इस पर लड़की ने कहा कि वह अपनी मर्जी से संतोष के साथ गई थी। उसके परिवार वालों ने संतोष के घर की महिलाओं के साथ बहुत शर्मनाक कृत्य किया है। जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती। उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पूछा गया कि इस घटना में उसकी मां और पिता समेत परिवार के दस लोगों को जेल भेजा गया है और उन्हें दस साल तक की सजा हो सकती है तो बोली, ऐसी घटना करने वाले चाहे उसकी मां हो या बाप, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें