जमुका चौराहे की एक दुकान में नकब लगाकर चोरों ने चार सौ की नगदी सहित करीब 25 हजार रुपये का समान चोरी कर लिया है। जमुका दोराहे पर रोज हो रही चोरियों से लोग परेशान हैं।
सरही निवासी भैयालाल ने पुलिस को बताया कि उसकी दुकान जमुका दोराहे पर है। बृहस्पतिवार की रात आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया था। चोरी की जानकारी शुक्रवार की सुबह दुकान खोलने पर हुई।
भैया लाल का आरोप है कि चार दिन के अंदर उसकी दुकान में दूसरी बार चोरी हुई है। इसमें सोलर लाइट के उपकरण के अलावा अन्य सामान चोरी हुआ है। बता दे कि पिछले चार दिनों में जमुका दोराहे पर चौथी चोरी की घटना है।
दुकानदारों ने बताया कि इससे पहले भोला, कुलदीप और आरिफ की दुकानों में भी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। मजे की बात यह है कि यहां पुलिस द्वारा हर समय पिकेट पर जवान भी तैनात रहते हैं, बावजूद इसके चोरी की वारदातें थमने का नाम नही ले रही है। इससे दुकानदारों में भय और आक्रोश है।