मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव पेहना में रहने वाले 24 वर्षीय संजीव सिंह रविवार को अपने दोस्त के बुलाने पर उसके गांव गए थे। सोमवार सुबह क्षेत्र के गांव चित्ती और बिनौरा के बीच एक खेत में संजीव का शव पड़ा मिला। परिवार वालों ने मृतक के दोस्त पर ही हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी दोस्त को हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की वजह सिर में चोट लगने से होना बताई गई है।
मृतक के भाई झुन्नी ने बताया कि रविवार को दिन में तीन बजे संजीव के मोबाइल पर गांव बिनौरा के रहने वाले उसके दोस्त विनीत ने फोन किया। इसके बाद संजीव बिनौरा गांव दोस्त विनीत के पास जाने को कहकर घर से निकला था। संजीव अपना मोबाइल घर पर ही भूल गया था। संजीव बाइक से पहले विनीत के गांव गया और उसे लेकर अपनी ससुराल चित्ती गांव खेत पर जाकर अपने साले लालसिंह से मिला। लालसिंह ने घर चलने को कहा, लेकिन वह विनीत के साथ बाइक से सिकंदरपुर गांव गुड्डू से मिलने की कहकर चला गया। रात आठ बजे तक संजीव अपने घर वापस नहीं लौटा तो उसकी मां माया ने विनीत के मोबाइल पर फोन किया। उसने बताया कि संजीव उसके पास से दो घंटे पहले ही निकल गया था। इसके बाद परिवार के लोगों ने संजीव को तलाश करना शुरू किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सोमवार की सुबह गांव चित्ती और बिनौरा के बीच कमरूद्दीन के धान के खेत में संजीव का शव पड़ा मिला। उसकी बाइक कुछ दूरी पर सूखी माइनर नहर में खड़ी मिली। खबर लगते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर एसओ अमित कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार वालों ने विनीत पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। संजीव की मौत की खबर सुनकर उसकी पत्नी भूरी बेसुध हो गई। संजीव के दो बेटे तीन वर्षीय शेरू और एक वर्ष का छोटू है।
संजीव का कर्जदार है विनीत
संजीव के परिवार वालों के मुताबिक संजीव और विनीत एक साथ एक निर्माण कंपनी में जयपुर में साथ काम करते थे। एक महीने पहले ही दोनों जयपुर से घर आए थे। कुछ समय पहले विनीत ने 36 हजार रुपये उधार लिए थे। परिवार वाले आशंका जता रहे है कि विनीत ने रुपये देने के बहाने उसे अपने गांव बुलाया था। इससे पहले संजीव के रुपये मांगने पर विनीत टालमटोल करता था। इसके साथ ही गांव सिकंदपुर के गुड्डू को भी संजीव ने रुपये उधार दिए थे। विनीत के साथ संजीव सिकंदरपुर गुड्डू से मिलने गया था। इसी से परिवार वाले विनीत पर हत्या की आशंका जता रहे हैं।
- संजीव अपने दोस्त विनीत के साथ अपनी ससुराल गया था। वहां शराब भी पी गई थी। इसकी पुष्टि उसके शव के पास पड़ी उल्टी से भी हुई है। परिवार वालों की आशंका पर विनीत को हिरासत में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- अमित कुमार सिंह, एसओ, मदनापुर