सदर कोतवाली पुलिस को सोमवार की रात बड़ी कामयाबी मिली। पुलिस ने बाइक चोर गैंग के सरगना और उसके तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों से मौके पर तीन और निशानदेही पर चार बाइक और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस ने मंगलवार को चारों आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने सभी को जेल भेज दिया।
सीओ सिटी आरके वर्मा ने गैंग का खुलासा करते हुए बताया कि शहर में बढ़ रहीं बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए कोतवाली के तेज तर्रार सिपाही विजय शर्मा को खुलासे के लिए लगाया गया था। सोमवार की रात मुखबिर की सूचना पर इंस्पेक्टर केपी गौड़, एसआई अनिल कुमार सिंह, दुर्वेश कुमार गंगवार सिपाही विजय शर्मा के साथ लखीमपुपर-बस्ती मार्ग पर स्थित नहर पटरी तिराहा पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस ने रात करीब 11 बजे तीन बाइक पर सवार होकर आ रहे सीतापुर जिले के थाना बिसवां के गांव शंकरगंज निवासी रमेश कुमार वर्मा, सदर कोतवाली के गांव शिवालापुरवा निवासी एजाज अहमद, कोतवाली धौरहरा के शुक्लावार्ड निवासी अलीम उर्फ फलीम और पठान वार्ड निवासी इमरान को रोक लिया और पूछताछ की। आरोपी पुलिस को कागज भी नहीं दिखा सके। इस पर टीम चारों आरोपियों को पकड़कर बाइक समेत थाना लाई। जहां चारों से अलग-अलग पूछताछ की। जिससे आरोपी टूट गए और पुलिस को बताया कि सभी बाइक चोरी की हैं। इन बाइकों को वह लोग बेचने के लिए बहराइच के नेपाल बार्डर ले जा रहे थे। उनकी निशानदेही पर एक अरहर के खेत से चार बाइक और एक स्कूटी भी बरामद की गई है।
अलीम उर्फ फलीम है गैंग का सरगना
सीओ सिटी आरके वर्मा ने बताया कि पकड़े गए बाइक चोर गैंग के सदस्यों में शामिल कोतवाली धौरहरा के कस्बा शुक्लावार्ड निवासी अलीम उर्फ फलीम गैंग का सरगना है। उसके खिलाफ बहराइच, सीतापुर सहित कई जिलों में बाइक चोरी की कई मामले दर्ज हैं। पकड़े गए सभी आरोपी शातिर बाइक चोर हैं। सभी के खिलाफ सदर कोतवाली में कई मुकदमे दर्ज हैं।