दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप
थाना कांट क्षेत्र के गांव भैंसटा खुर्द में बुधवार को विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतका के भाई ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुवायां क्षेत्र के गांव सकुलिया निवासी रामसागर ने थाना कांट में दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी 25 वर्षीय रेनू की शादी तीन साल पहले क्षेत्र के गांव भैंसटा खुर्द निवासी विक्रम यादव की बेटे रमेश यादव से की थी। उसने शादी में अपनी हैसियत के हिसाब से दान-दहेज दिया था, लेकिन उसके ससुराल वाले इससे संतुष्ट नहीं थे। शादी के कुछ दिनों के बाद ही ससुराल वालों ने दहेज में बाइक और नगदी की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं पर ससुराल वालों रेनू को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। बुधवार की शाम बहन की ससुराल के पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार रामवीर ने फोन पर सूचना दी कि रेनू की मौत हो गई। रात साढ़े नौ बजे वह परिवार वालों के साथ बहन की ससुराल पहुंचा तो वहां देखा कि कमरे के अंदर लगे कुंडे में साड़ी से उसकी बहन का शव लटक रहा था और उसके पैर नीचे रखी गेहूं की बोरियों को छू रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उताकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी ससुराल वाले घर से फरार हो गए। पुलिस ने मृतक के पति रमेश, ससुर विक्रम यादव और सास सिया देवी के खिलाफ धारा 498, 304 बी, 3/4 दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी से लटकना बताई गई है। एसओ कांट वीरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।