जलालाबाद और जैतीपुर क्षेत्र में चार घरों में आग लगने से 35 हजार की नकदी समेत कई क्विंटल गल्ला और घरेलू सामान जल कर नष्ट हो गया। बमुश्किल आग पर काबू पाया जा सका।
जलालाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव भुलभुलागंज में बुधबार रात गांव में एक लड़की की बारात आई हुई थी। रात करीब 12:30 बजे द्वारचार के समय आतिशबाजी छुड़ाई गई। इसी दौरान एक चिंगारी पड़ोसी प्यारेलाल के छप्पर पर जा गिरी और देखते ही देखते छप्पर आग की लपटों में सिमट गया। आग की लपटों ने पड़ोसी रामकुमार के घर को भी चपेट में ले लिया। घटना से चीखपुकार मच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। रामकुमार ने बताया कि दो दिन पहले वह गेहूं बेचकर आया था। बटाई पर दी गई भैंस को वापस लेने के लिये 35 हजार रुपया घर में रखा था, वह आग की भेंट चढ़ गया। साथ ही घर में रखा 15 क्विंटल गेहूं, सरसों, धान और अन्य पूरा घरेलू सामान भी जल गया। इधर, प्यारेलाल के घर में बेटी मंजू की 11 मई को शादी के लिए खरीदा गया सामान, 35 क्विंटल गेहूं, आठ बोरा आलू, सात बोरा सरसों आदि जल गई। अग्निकांड के कारण पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए है। सूचना पाकर पहुंचे हल्के के लेखपाल ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसीलदार को सौंपी है।
जैतीपुर। क्षेत्र के गांव शिवनगर निवासी रामभजन और उसका भाई रामअवतार अपने परिवार के साथ घर के बाहर पड़ी झोपड़ी में खाना खा रहे थे तभी अचानक घर के अंदर से आग की भयंकर लपटें उठने लगी। घटना से परिवार के लोगों की चीखपुकार मच गई। आनन फानन में ग्रामीण आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग की लपटों ने पड़ोस में
रामअवतार के घर को चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। इस घटना में दोनों भाइयों का 40 क्विंटल गेहूं कपड़े बर्तन और जेवर आदि जलकर राख हो गए। सूचना पर लेखपाल हिमांशु रंजन ने मौका मुआयना किया।