शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने सोमवार रात 9:45 बजे स्टेशन रोड पर दरोगा की वर्दी में एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस अभी उससे पूछताछ कर रही है। उसने अपना नाम संतोष कुमार भारतीय पुत्र राजकुमार भारतीय निवासी गांव सरैया ईशागंज थाना संधना जिला सीतापुर बताया।
सीओ सिटी सुमित शुक्ला ने बताया कि सोमवार रात अशफाकनगर चौकी के पास से लेकर स्टेशन रोड, निगोही रोड पर दरोगा की वर्दी में एक व्यक्ति को काफी देर से टहलते हुए देखा। इस दौरान उसने कई दुकानदारों को पुलिसिया अंदाज में हड़काया। इस पर एक दुकानदार ने चौकी पुलिस से शिकायत की। इस पर अशफाकनगर चौकी प्रभारी दिलीप सिंह यादव मौके पर पहुंचे और उससे पूछताछ की तो वह सही जवाब नहीं दे सका। चौकी इंचार्ज न थाना प्रभारी और सीओ सिटी को इसकी जानकारी दी। सीओ के निर्देश पर उसे हिरासत में लेकर सदर थाने लाया गया। पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तब फिर उसने अपना नाम और पता बताया। सीओ ने बताया कि उससे मिली जानकारी के आधार पर नाम और पता को लोकेशन ट्रेस की जा रही है।