खुटार के तिकुनियां चौराहा निवासी राजू श्रीवास्तव के पुत्र 19 वर्षीय जीत
श्रीवास्तव उर्फ सनी की खीरी के मैलानी थाना क्षेत्र के गांव खरेंहटा में
संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खीरी
के गांव खरेंहटा निवासी संत सिंह की खुटार में तिकुनियां चौराहे पर
कंप्यूटर से रेडियम नंबर प्लेट आदि बनाने की दुकान है। जीत इसी दुकान पर
काम करता था। मंगलवार को संत सिंह के भाई राजेंद्र सिंह का सगुन (तिलक) था।
जीत चार दोस्तों के साथ तिलक में शामिल होने खरेंहटा गया था। मंगलवार रात
घर की महिलाएं जागा (शादी से पूर्व की रस्म) को निकलीं तो फार्म से कुछ दूर
चकरोड पर जीत का शव पड़ा देखा। उसकी नाक, मुंह से खून बह रहा था और शरीर
पर चोटों के निशान भी थे। इससे संत सिंह के परिवार में हड़कंप मच गया।
सूचना पाकर मैलानी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव कब्जे में ले
लिया। बुधवार सुबह राजेंद्र सिंह की बारात सन्नाटे के साथ खुटार के गांव
खमरिया को रवाना हो गई।
मृतक के पिता ने पुत्र की हत्या किए जाने का
आरोप लगाते हुए कहा कि रात में ही पुत्र का शव मिलने के बाद भी उन्हें कोई
सूचना नहीं दी गई। बुधवार सुबह आठ बजे उन्हें पुत्र की मौत का पता तब चला
जब राजेंद्र सिंह की बारात घर से रवाना हो गई। मृतक के दोस्तों को हत्या के
मामले की पूरी जानकारी है, लेकिन मैलानी पुलिस हत्या के मामले को दबाने
में लगी है। उधर, संत सिंह का कहना है कि जीत की मौत के बारे में उन लोगों
को कोई जानकारी नहीं है।
मैलानी एसओ आशुतोष मिश्रा का कहना है कि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत
से मां रजनी, पिता राजू और छोटे भाई का रो रोकर बुरा हाल है।
नशे के एक कारोबारी का भी आ रहा नाम
खुटार।
जीत श्रीवास्तव की मौत के मामले में पिता ने जिन लोगों पर संदेह जताया है
उनमें एक पूरनपुर क्षेत्र का रहने वाला है और वह नशे का बड़ा कारोबारी
बताया जाता है। जीत के परिवार के लोग हत्या के पीछे कारण नहीं बता रहे हैं।
पिता का आरोप है कि जीत रात में घर नहीं लौटा तो उन्होंने संत सिंह के
परिवार वालों को कई फोन किए, लेकिन हर बार रॉग नंबर कहकर फोन काट दिया गया।