सिंधौली ब्लाक की 16 गांव सभाओं के लोग जनवरी में मिट्टी का तेल पाने से वंचित रह गए। बताया जाता है कि डिपो से मिट्टी का तेल नहीं मिलने के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुवायां तहसील की खुटार, बंडा और पुवायां ब्लाक के कोटेदारों को मिट्टी का तेल आरकेबीके के गोदाम से दिया जाता है, जबकि सिंधौली ब्लाक के कोटेदारों को शाहजहांपुर के ओबेराय कंपनी की ओर से तेल उपलब्ध कराया जाता है। आरकेबीके कंपनी का तेल बंथरा डिपो और ओबेराय का तेल लखनऊ के अमौसी डिपो से आता है। ओबेराय डिपो के प्रबंधक समीर ने बताया कि जनवरी में तीन टैंकर तेल कम मिला जिस कारण समस्या हुई। अधिकारियों को सारे मामले से अवगत करा दिया गया था। फरवरी में इस तरह की परेशानी नहीं रहेगी।
इन कोटेदारों को नहीं मिला केरोसीन
पुवायां। सिंंधौली की गांवसभा पलिया, दिवाली, कोटाबारी, मियांपुर, घाटबोझ बबरा, दिलावरपुर लधोला, चेना रूरिया, रक्सा, उमरापुर पैगापुर, महासिल, भूरखेड़ा, मिश्रीपुर, अनावा, उदारा नवादा के कोटेदारों को जनवरी में वितरित करने के लिए मिट्टी का तेल नहीं मिला। कोटेदारों का कहना है कि तेल नहीं मिलने के कारण उन लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। कार्डधारक उन पर तेल को ब्लैक में बेचने का आरोप लगाकर शिकायत करने लगे। लोगों को समझाना मुश्किल हो गया।