बिजनौर से शाहजहांपुर आ रहे एक रेल यात्री का जंजीर से बंधा ट्रॉली बैग चोरों ने उड़ा दिया। नींद से जागने पर रेल यात्री को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने शहर के जीआरपी थाने में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें 20 हजार रुपये के कपड़े चोरी होने की बात कही गई है।
बिजनौर जिले के गौसपुर टोपरी गांव के पंकज सिंह अपनी पत्नी मीनाक्षी सिंह के साथ चंडीगढ़ एक्सप्रेस से जिले में आ रहे थे। उन्हें एस-टू बोगी में सीट मिली थी। पंकज ने कहा कि उन्होंने अपना ट्रॉली बैग जंजीर में बांधकर नीचे वाली सीट के साथ लपेट दिया। कहा कि बरेली के आसपास किसी ने जंजीर काटकर बैग में रखे 20 हजार रुपये के कपड़े चुरा लिए। कहा कि मोबाइल एवं अन्य सामान उनके पास रखी बैग में होने की वजह से बच गया। आंवला स्टेशन के पास जब उनकी आंख खुली तो बैग गायब था। पंकज सिंह शहर के स्टेशन पर सवा आठ बजे के करीब उतरे और मामले की रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई। इस संबंध में एसआई शिवशंकर पटेल ने कहा कि घटना स्थल बरेली थाना क्षेत्र का है। इसलिए रिपोर्ट लिखने के बाद विवेचना के लिए बरेली जीआरपी थाना के लिए ट्रांसफर कर दी है।