नई बस्ती इलाके में चोरों ने ताला लगे एक मकान को निशाना बनाकर 75 हजार की नगदी सहित करीब छह लाख का माल-जेवर चोरी कर लिया। सूचना के घंटों बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो पीड़ित ने एसपी से शिकायत की। तब कहीं चोरी की खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी अवनीश शुक्ला एक मेडिकल कंपनी में एमआर हैं। वह सोमवार रात अपनी पत्नी रेखा और पुत्र यश के साथ ससुराल रामालक्षना थाना मोहम्मदी में एक विवाह में शामिल होने गए थे। शुक्ला के अनुसार सोमवार की रात चोर दीवार कूदकर बिना ग्रिल लगी खिड़की का शीशा तोड़कर घर में घुस गए। अलमारी का लॉक सरिया से तोड़ दिया और करीब एक सौ पचास ग्राम सोने के जेवरात और तीन सौ ग्राम चांदी के जेवरात, पीतल के बर्तन और 75 हजार की नगदी चोरी कर ले गए। चोरी का पता मंगलवार सुबह घर लौटने पर चला।
हम शादी में गए थे। सोमवार की रात चोरों नेे सारा जेवर और नकदी चोरी कर ली। हमारे घर के आगे जुआ और सट्टा खुलेआम होता है, जहां आपराधिक लोगों का आना जाना रहता है। इस पर पुलिस कभी ध्यान नहीं देती। - रेखा शुुक्ला, पीड़िता नई बस्ती
चोरी की घटना हुई है। हमने अवनीश शुक्ला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। इलाके के कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्दी ही चोरी का पर्दाफाश होगा। - एनडी पाठक, प्रभारी निरीक्षक आरसी मिशन