बड़ागांव के सात मकान मालिकों को धारा 133 का नोटिस
लाट साहब जुलूस को लेकर पुलिस की चप्पे-चप्पे पर नजर
होली के दिन पुवायां के ग्राम बड़ागांव में निकाले जाने वाले छोटे लाट साहब के जुलूस के लिए पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पर नजर है। इसी के तहत मंगलवार को ड्रोन में लगे कैमरों ने सात घरों की छत पर लगे ईंट पत्थर के ढेर को कैद किया। अब प्रशासन ने संबंधित मकान मालिकों के खिलाफ धारा 133 के तहत नोटिस जारी कराने की तैयारी की है।
मंगलवार को कोतवाली प्रभारी अशोक पाल सिंह, एसएसआई महेंद्र सिंह के नेतृत्व में शाहजहांपुर से ड्रोन कैमरा लेकर आए ड्रोन एक्सपर्ट दिलबाग सिंह बेदी ने ड्रोन कैमरे से गांव की छतों की निगहबानी की। ड्रोन में लगे कैमरों से शूट हो रहा वीडियो नीचे मोबाइल पर देखा जा रहा था। ड्रोन ने गांव के सात लोगों की छतों पर ईंट पत्थर जमा देखे। इसके बाद संबंधित लोगों को छतों से ईंट पत्थर तत्काल हटा लेने के निर्देश दिए गए।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की रिपोर्ट एसडीएम को दी जाएगी और इसके बाद जिन घरों की छत पर ईंट पत्थर लगे हैं, उन्हें धारा 133 के तहत नोटिस जारी कराया जाएगा। ड्रोन देखने के लिए गांव के तमाम लोग अपने घरोें की छतों पर चढ़ गए और तमाम लोग पुलिस के वाहन के पास आकर ड्रोन का उड़ाए जाने की कार्यप्रणाली देखते रहे। गांव के 52 लोगों को दो दो लाख के मुचलके से भी पाबंद किया गया है।