मानसिक मंदित किशोरी के साथ एक माह पहले हुए गैंगरेप का मामला
पुत्री के गर्भवती होने पर पिता ने दर्ज कराई थी तीन युवकोें पर रिपोर्ट
दलित और मानसिक मंदित किशोरी से गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज होने के एक माह बीत जाने के बाद भी पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जबकि आरोपी पीड़िता के पिता को राजीनामा करने के लिए धमका रहे हैं। परेशान पिता ने एसपी से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी मानसिक मंदित किशोरी से गांव के ही तीन युवक दस माह से रेप कर रहे थे। कुछ दिन पूर्व किशोरी के पेट में दर्द हुआ तो परिवार के लोग उसे पुवायां में डॉक्टर के पास लाए। डॉक्टर ने किशोरी को सात माह की गर्भवती बताया तो परिवारवालें हक्के-बक्के रह गए। जानकारी करने पर किशोरी ने गांव के ही तीन युवकों के नाम बताते हुए कहा कि आरोपी उसे धमका कर काफी समय से रेप कर रहे थे। इसके बाद पिता ने 22 जनवरी गांव के तीन युवकों के खिलाफ गैंगरेप सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोर्ट में किशोरी के बयान भी हो चुके हैं।
किशोरी के पिता का कहना है कि गैंगरेप के आरोपियों में एक भी अभी तक नहीं पकड़ा गया है। इससे उसे और परिवार के लोगों को जान का खतरा बना हुआ है। पीड़ित ने एसपी से नामजदों को तत्काल जेल भिजवाने की गुहार लगाई है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है, साथ ही नामजदों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जाएंगे।