शाहजहांपुर/रोजा। वाराणसी से देहरादून जा रही अप जनता एक्सप्रेस शनिवार रात टाउन हाल ओवर ब्रिज के पास डिरेल होने से बाल-बाल बच गई। दरअसल, रेल ट्रैक पर स्कॉर्पियो गाड़ी आ गई थी। जनता एक्सप्रेस की टक्कर से स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद ट्रेन करीब दो घंटे खड़ी रही। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। आरपीएफ ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक पड़ताल में स्कॉर्पियो जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह यादव की बताई गई है। गाड़ी के अंदर से उनके नाम के विजिटिंग कार्ड मिले हैं। लोकसभा चुनाव के लिए अधिग्रहीत किए जाने का जिक्र करते हुए बेटी की शादी का हवाला देते हुए इस वाहन का अधिग्रहण रद्द करने की गुजारिश संबंधी एक पत्र भी मिला है। आरपीएफ कमांडेंड वीके सिंह का कहना है कि गाड़ी किस तरह से ट्रैक पर आई यह जांच के बाद ही साफ हो सकेगा। घटना की वजह से रेलवे को काफी नुकसान हुआ है। संबंधित अनुभाग क्षति का आंकलन कर रहा हैं।
अप जनता एक्सप्रेस शनिवार रात करीब साढ़े चार घंटे की देरी से 11:50 बजे शाहजहांपुर स्टेशन पहुंचने वाली थी। स्टेशन से कुछ पहले टाउन हाल ओवर ब्रिज सिग्नल के पास अचानक रेल ट्रैक पर स्कॉर्पियो गाड़ी आ गई। ट्रेन पूरी रफ्तार में थी। ट्रेन की जबरदस्त टक्कर से स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। सिग्नल बॉक्स भी क्षतिग्रस्त हो गया। लोको पायलट रामभरोसे ने इमरजेंसी ब्रेक लिए। इससे यात्रियों को झटका लगा। गनीमत रही कि ट्रेन डिरेल नहीं हुई। ट्रेन के इंजन और इसके पीछे के दो कोच को नुकसान पहुंचा है। सिग्रल भी क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान करीब दो घंटे तक जनता एक्सप्रेस मौके पर खड़ी रही। पीछे आ रहीं अप लाइन की ट्रेन भी प्रभावित हुईं। क्षतिग्रस्त सिग्नल को रविवार सुबह ठीक किया जा सका। इस दौरान अप लाइन की ट्रेन को मेमो देकर पास किया गया। आरपीएफ ने मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गाड़ी मालिक की गिरफ्तारी को दबिशें दी जा रही हैं। हादसे की जांच के लिए एडीआरएम अश्वनी कुमार ने तीन सदस्यों की ज्वाइंट कमेटी बनाई है। यह जांच कमेटी हादसे की वजहों के साथ इससे रेलवे को हुए नुकसान पर भी अपनी रिपोर्ट मुख्यालय को देगी। इसके बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। एडीआरएम अश्वनी कुमार ने बताया कि जांच में सब साफ हो जाएगा। स्कॉर्पियो रेल ट्रैक पर कैसे आई इस बारे में अभी ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता।