शाहजहांपुर। चौक कोतवाली से गांव उमरगंज की ओर जाने वाले रास्ते पर एक युवक ने तमंचा हाथ में लेकर जमकर हंगामा किया। वह रास्ते से निकल रहे लोगों को रोक कर उनसे रुपये छीनने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने तमंचा भी बरामद किया है।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे कोतवाली चौक इलाके के गांव उमरगंज की ओर जाने वाले रास्ते पर एक युवक हाथ में तमंचा लेकर आने-जाने वाले लोगों से अभद्रता कर रहा था। विरोध करने पर मारपीट व जेब में हाथ डालकर रुपये छीनने लगा। इससे वहां हड़कंप मच गया। हंगामे की सूचना पर अजीजगंज चौकी प्रभारी प्रदीप सहरावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखकर आरोपी युवक पुलिस से भी भिड़ गया। बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और चौकी ले आई। यहां पूछताछ में उसने अपना नाम राम लखन निवासी गांव उमरगंज बताया। उसके कब्जे से 12 बोर का तमंचा बरामद हुआ है। चौकी प्रभारी ने बताया कि आरोपी पहले भी वाहन चोरी, मारपीट व धमकाने के मामले में जेल जा चुका है।