मंझनपुर। पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के अषाढ़ा गांव में सोमवार शाम पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने घर में घुसकर एक युवक को पीटा। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी की भी पिटाई की गई। हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए असलहे भी लहराए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
अषाढ़ा निवासी समीम अहमद ने बताया कि पूरामुफ्ती इलाके के महगांव में रहने वाले दबंगों से उसकी पुरानी रंजिश है। इसी खुन्नस के चलते सोमवार शाम दबंग घर पर चढ़कर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर पिटाई शुरू कर दी। जान बचाने के लिए युवक भीतर घुस गया तो हमलावरों ने घर में घुसकर उसे पीटा। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी रेशमा की भी पिटाई की गई। चीख-पुकार पर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो आरोपी असलहे लहराते हुए फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने पीड़ित दंपति को मेडिकल के लिए भेज दिया है। मामले में आरोपी नसीम, नदीम, जमीन व मंसूर के खिलाफ एफआईआर लिखी गई है।