कांवड़ियों के दो गुटों में झड़प, एक घायल
बवाल होने की आशंका में मौके पर पहुंची पुलिस
सीओ ने समझा-बुझाकर किया दोनों पक्षों को शांत
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
मोहम्मदी रोड पर शुक्रवार रात ट्राली खड़ी करने को लेकर कांवड़ियों के दो गुटों में झगड़ा हो गया। इस दौरान एक कांविड़या को दूसरे गुटे के लोगों ने ईंट मारकर घायल कर दिया। बवाल की आशंका में सीओ (सदर) रोजा पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए और जैसे-तैसे दोनों पक्षों को शांत किया।
थाना निगोही क्षेत्र के गांव निवाड़ी निवासी 25 वर्षीय रिंकू अपने गांव के कांवड़ियों के जत्थे के साथ ट्रैक्टर-ट्राली से गोला गोकर्णनाथ जा रहा था। शुक्रवार रात दस बजे हथौड़ा चौराहा से आगे मोहम्मदी रोड पर दूसरे कांवड़ियों के जत्थे की ट्रैक्टर-ट्राली आ गई। उन्होंने रिंकू की ट्राली के आगे अपनी ट्राली लगा दी। इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इतने में एक कांवड़िया ने ईंट मारकर रिंकू को घायल कर दिया। सूचना मिलते ही सीओ अरुण कुमार, रोजा एसओ हरेंद्र कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए और मामले को शांत किया। घायल रिंकू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात घरवाले उसे अपने साथ ले गए।