खुटार। एक ही क्षेत्र में चोरी की पांच घटनाएं होने के बाद भी पुलिस ने एक भी मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो परेशान गांव के लोगों ने खुद ही योजना बनाकर चोरी के आरोपियों को दबोच लिया। जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो लोगों ने पुलिस को खूब खरी खोटी सुनाई।
गांव रूरा निवासी राज देवेंद्र शर्मा की गांव उदरा मोड़ पर किराने की दुकान है। पिछले दो माह में उनकी दुकान से दो बार चोरी हो चुकी हैं। एक बार चोर करीब पांच हजार का किराने का सामान चोरी कर ले गए, जबकि जनवरी में दुकान की खिड़की तोड़कर घुसे चोर छह सौ रुपये की रेजगारी और करीब दस हजार का सामान चोरी कर ले गए थे। इसके अलावा गांव सिमरई निवासी शैलेंद्र कुमार के गांव खमरिया के पास जनसेवा केंद्र से दस नवंबर 2018 को चोर लैपटॉप, इंवर्टर, बैटरी, प्रिंटर आदि चोरी कर ले गए थे। गांव हरिपुर निवासी मक्खन सिंह की गांव भोपतपुर स्थित दुकान और गांव मलिका निवासी राकेश मिश्रा के गांव खमरिया स्थित खेत से नलकूप का मोटर चोरी हो चुका है।
चोरी के उक्त मामलों में पुलिस को तहरीरें दी गई थीं लेकिन चोर पकड़ना तो दूर एक भी मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। इसके अलावा भी कई फार्मरों के पंखे, मोटर आदि चोरी हुए लेकिन पुलिस के रवैये के चलते उन्होंने तहरीर ही नहीं दी। गांव के लोगों ने सलाह कर खुद ही चोरों को पकड़ने की योजना बनाई और बारी-बारी से जागकर गुपचुप ढंग से पहरेदारी करने लगे। सोमवार सुबह करीब तीन बजे गांव खमरिया के दो युवकों को राज देवेंद्र की दुकान में चोरी करता देख पड़ोस के लोगों ने उन्हें फोन पर सूचना दे दी। इसके बाद लोगों ने घेराबंदी कर चोरों को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस चोरों को लेने पहुंची तो लोगों ने पुलिस की खूब लानत मलानत की। थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि यूपी-100 पुलिस दो लोगों को लाई है, उनसे पूछताछ की जा रही है।