14 ट्रेनों में बरेली तक बढ़ाया गया जीआरपी स्क्वायड
सिलसिलेवार दो ट्रेनों में लूट के बाद सुरक्षा के कई कदम
आरपीएफ-जीआरपी की ज्वाइंट टीमें कर रहीं पेट्रोलिंग
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। सिलसिलेवार दो एक्सप्रेस रेलगाड़ियों में चेन पुलिंग कर यात्रियों से लूटपाट की घटनाओं के बाद रात में शाहजहांपुर से होकर बरेली की ओर जाने वाली 14 ट्रेनों में जीआरपी स्क्वायड को बरेली तक बढ़ा दिया गया था। 15 और रेलगाड़ियों में भी स्क्वायड तैनात किया जा रहा है। रात में चलने वाली करीब 80-85 ट्रेनों में अब तक ज्यादातर ट्रेनें बिना स्क्वायड दौड़ रही थीं।
शुक्रवार रात बदमाशों ने लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस में चेन पुलिंग करने के बाद यात्रियों को निशाना बनाया था। इसके बाद शनिवार रात जनता एक्सप्रेस में यात्रियों से लूटपाट करने के बाद बदमाश चेन पुलिंग कर ट्रेन से उतर कर भाग गए थे। ट्रेनों में लूट की दो घटनाओं से जीआरपी में हड़कंप है। दोनों ही ट्रेन बिना जीआरपी स्क्वायड के चल रही थीं। इन दोनों ट्रेन में स्क्वायड की तैनाती कर दी गई है। इसके साथ ही लूट की घटनाओं का खुलासा करने के लिए पांच टीमों को लगाया गया है। सर्विलांस सेल समेत हरदोई, सीतापुर, पीलीभीत, मुरादाबाद जीआरपी के साथ सिविल पुलिस से भी बदमाशों तक पहुंचने के लिए मदद ली जा रही है। ट्रैक पर पेट्रोलिंग के लिए आरपीएफ और जीआरपी की ज्वाइंट टीमें बनाई गई हैं। इस बीच लखीमपुर खीरी से भी एक जीआरपी टीम शाहजहांपुर पहुंच गई है।
----------
इंस्पेक्टर जीआरपी लाइन हाजिर, पीयूष दीक्षित को चार्ज
शाहजहांपुर।लखनऊ-चंडीगढ़ और जनता एक्सप्रेस में यात्रियों से लूटपाट की वारदातों के बाद आखिरकार सोमवार को इंस्पेक्टर जीआरपी राधेश्याम राव पर गाज गिर ही गई। एसपी रेलवे सौमित्र यादव ने बताया कि राधेश्याम राव को लाइन हाजिर कर दिया गया है। थाने का चार्ज अब तक लखनऊ में तैनात रहे पीयूष दीक्षित को दिया गया है। लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस और जनता एक्सप्रेस में लूट की घटनाओं के बाद एसपी रेलवे सौमित्र यादव दो दिन से शाहजहांपुर में ही कैंप किए हुए हैं।
---------
प्लेटफार्म से हिरासत में लिए संदिग्ध, पूछताछ के बाद छोड़े
शाहजहांपुर। ट्रेनों में लूटपाट की घटनाओं के बाद एसपी रेलवे सौमित्र यादव शाहजहांपुर में ही डेरा डाले हुए हैं। इस दौरान जीआरपी की सक्रियता भी काफी बढ़ी हुई नजर आ रही है। प्लेटफार्म पर संदिग्धों की तलाश में सादे कपड़ों में भी जीआरपी के जवान ड्यूटी कर रहे हैं। इस दौरान सोमवार को प्लेटफार्म से आधा दर्जन संदिग्धों को जीआरपी ने हिरासत में लिया। पूछताछ में इनसे कुछ खास नही मिला। बाद में इन्हें छोड़ दिया गया।
--------
वर्जन-
14 ट्रेनों में स्क्वायड की ड्यूटी बरेली तक बढ़ा दी गई है। 15 अन्य रेलगाड़ियों में भी स्क्वायड तैनात किया जा रहा है। दोनों घटनाओं का खुलासा करने में ज्वाइंट टीमें लगी हुई हैं। शक के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। घटनाओं का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
- सौमित्र यादव, एसपी रेलवे