खुटार (शाहजहांपुर)। जेवर खरीदने के बहाने तीन बदमाशों ने लगभग दो लाख रुपये कीमत के जेवर गायब कर दिए। व्यापारी ने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक बदमाश बाइक पर बैठकर गायब हो चुके थे।
खुटार के मोहल्ला इंदिरानगर निवासी फरियाद बाबू की नगर में ही मेन रोड पर मंसूरी ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। सोमवार को दिन में 11 बजे दो युवक उनकी दुकान पर पहुंचे, जबकि उनका तीसरा साथी कुछ दूर बिना नंबर की बाइक लिए खड़ा रहा। युवकों ने फरियाद से सोने के पेंडिल दिखाने को कहा। दुकानदार ने युवकों को पेंडिल दिखाने शुरू किए तो पसंद न होने की बात कहते हुए दोनों ने तमाम पेंडिल निकलवा लिए और पेंडिल भरी एक पोटली लेकर खिसक लिए। दोनों के जाने के बाद फरियाद ने पेंडिल की एक पोटली गायब देख शोर मचाया, लेकिन दोनों युवक अपने साथी की बाइक पर बैठकर भाग निकले। दुकानदार ने मामले की सूचना पुलिस को दी तो थाना प्रभारी राहुल सिंह फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस दुकानदार को लेकर इधर उधर घूमती रही। बाद में दो अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
सौ ग्राम से एक पेंडिल तक पहुंची कहानी
व्यापारी की दुकान से पेंडिल गायब होने की जानकारी पाकर पुलिस और मीडिया के लोग मौके पर पहुंचे तो दुकानदार ने बताया कि उसके सौ ग्राम सोने के जेवर गायब कर दिए गए हैं। इस पर पुलिस ने उसे फटकार कर चुप रहने को कहा और अपनी गाड़ी में बिठाकर मौके से चले गए। काफी देर बाद दुकान फरियाद फिर सामने आया तो उसने बताया कि सोने के 50 ग्राम जेवर गायब हुए हैं। फरियाद की ओर से 50 ग्राम जेवर चोरी होने की तहरीर भी दी गई, लेकिन न तो देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज की गई और न ही सोने के पेंडिल गायब होने का ही जिक्र किया गया है। खुटार पुलिस चोरी, अवैध शराब, खनन को नहीं रोक पा रही है। क्राइम मिनमाइजेशन के फंडे के तहत रिपोर्ट ही दर्ज नहीं की जाती है और रिपोर्ट दर्ज होती है तो घटना को काफी छोटा दिखा दिया जाता है।
चोरों की तलाश के बजाय देखी सीसीटीवी फुटेज
खुटार। जेवर गायब किए जाने की घटना के तत्काल बाद पुलिस चोरों की तलाश में वाहनों की चेकिंग कर सकती थी, जिससे कोई नतीजा निकल सकता था, लेकिन ऐसा नहीं कर मेन रोड पर कुछ दुकानदारों के यहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने को प्राथमिकता दी गई। थाना प्रभारी राहुल सिंह काफी देर तक फुटेज देखते रहे।