शाहजहांपुर। गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहे व्यक्ति को एसपी के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार को जजी कचहरी के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह हत्या के एक मुकदमे की तारीख पर आया था।
थाना जलालाबाद क्षेत्र के गांव मुजफ्फरपुर झरहर निवासी राजकुमार सिंह ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर नौ वर्ष पहले गांव लखनापुर निवासी सुखदेव की गला दबाकर हत्या कर दी थी। इस मामले में वह जेल भी गया और जमानत पर बाहर है। इस दौरान पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की थी लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हो रही थी। पुलिस गिरफ्तारी नहीं हो पाने की वजह से उसके घर की कुर्की कर दी थी। बुधवार को वह हत्या के मुकदमे की तारीख पर आया तो सुखदेव की मां अपने अधिवक्ता के साथ एसपी केबी सिंह के पास पहुंच गई और जानकारी दी कि गैंगस्टर में निरुद्ध राजकुमार उसके बेटे की हत्या का आरोपी भी है और उसे आए दिन जान से मारने की धमकी देता है। एसपी ने उसकी सूचना के आधार पर राजकुमार को पकड़वा लिया।