मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। छत पर सो रहा टेंपो चालक रात अंधेरे में अचानक नीचे नाले में गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
जिला पीलीभीत के थाना बिलसंडा के गांव नादपुरवा निवासी 35 वर्षीय नरेश गंगवार यहां मोहल्ला आतिशबाजान में 12 साल से किराये के मकान में रहकर टेंपो चलाता था। बृहस्पतिवार की रात वह रोजाना की तरह छत पर सोने चला गया। रात में वह छत से गली में बने नाले में गिर गया, लेकिन इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। शुक्रवार सुबह गली से गुजरे लोगों ने उसे नाले में पड़ा देखकर हिलाया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि मृतक की अभी शादी नहीं हुई थी। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। इस हादसे से उसके घर में कोहराम मचा है।