पुवायां (शाहजहांपुर)। खुटार के गांव नगरा के मदरसे में मौलवी बली हसन की फेसबुक आईडी से देश विरोधी पोस्ट डाले जाने के मामले में नामजद तीनों आरोपियों पर रासुका के तहत कार्रवाई की तैयारी है। पुलिस ने शुक्रवार को तीनों नामजदों को जेल भेज दिया है।
पोस्ट डाले जाने के बाद लोगों में गुस्से को देखते हुए एसपी ने पुवायां के कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह को बृहस्पतिवार को ही मौके पर भेजा था। कोतवाल ने विहिप के प्रखंड मंत्री संतोष वाजपेयी की तहरीर पर फेसबुक आईडी चलाने वाले वली हसन और उसको शह देने के आरोप में खुटार के मोहल्ला गांधीनगर निवासी आफताब उर्फ भूरे और गांव नगरा के इमरान उर्फ हसरुद्दीन के खिलाफ देशद्रोह सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी और आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया था। कोतवाल ने तीनों को थाने लाकर पूछताछ की थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इमरान और आफताब के खिलाफ धर्मस्थल के विवाद को लेकर पहले भी एक रिपोर्ट दर्ज है। अब इस मामले में आरोपियों पर रासुका के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया कि तीनों आरोपी जेल भेज दिए गए हैं। अभी जांच चल रही है। कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कैलिफोर्निया से जानकारी आने के बाद आगे बढ़ेगी विवेचना
पोस्ट डालने के आरोपी बली हसन का कहना है कि उसने पोस्ट नहीं डाली है और किसी ने उसका एकाउंट हैक कर फंसाने के लिए पोस्ट डाल दी है। बली हसन के बताए अनुसार उसकी फेसबुक आईडी बनाने वाले पूरनपुर के एक युवक को पुलिस रात में उठा लाई थी। उससे पूछताछ की गई तो युवक ने बताया कि उसने बली हसन के कहने पर ही छह माह पूर्व उसकी फेसबुक आईडी बनाई थी। इसके बाद से उसका बली हसन की फेसबुह आईडी से कोई वास्ता नहीं रहा और उसने उक्त आईडी को कभी नहीं खोला है। युवक के मोबाइल आदि जांच की गई लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने के बाद उसे छोड़ दिया गया। विवेचक जसवीर सिंह ने बताया कि पोस्ट किसने डाली और किस लैपटॉप, मोबाइल से डाली गई इसकी जानकारी फेसबुक के कैलिफोर्निया स्थित कार्यालय से करने की तैयारी है। इसमें 15 दिन का समय लग जाएगा। मामले में सभी तथ्यों को सामने रखकर विवेचना की जा रही है।