शाहजहांपुर। पांच साल से लापता भाई का सुराग नहीं लगाने से नाराज मदनापुर क्षेत्र के एक युवक ने रविवार को निकाय चुनाव के मतदान के दौरान कलक्ट्रेट में अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की। उसने दो दिन पहले ही अफसरों को इसकी चेतावनी थी। इसीलिए कलक्ट्रेट में पहले से अलर्ट मदनापुर पुलिस ने युवक को दबोचकर उसे जलने से बचा लिया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है।
मदनापुर क्षेत्र के गांव ढुकरी कलां निवासी लालू सिंह पुत्र रघुराज सिंह का भाई विपिन वर्ष 2012 में लापता हो गया था। इस मामले में लालू ने मदनापुर थाने में भाई का अपहरण किए जाने का आरोप लगाते हुए अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। दो दिन पहले लालू ने एसपी के नाम प्रार्थना पत्र देेकर भाई का सुराग शीघ्र नहीं लगने पर डीएम कार्यालय के सामने आत्मदाह कर लेने की चेतावनी दी थी। उसकी इस चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए मदनापुर के एसओ जसवीर सिंह ने पुलिस बल के साथ सुबह से कलक्ट्रेट में डेरा डाल रखा था।
यही नहीं, चुनाव के चलते मतदाताओं की भीड़ में लालू की पहचान करने के लिए उसके गांव के चौकीदार हर सरन को भी साथ ले गई। अपरान्ह करीब 3:10 बजे लालू जिला पंचायत वाले गेट से कलक्ट्रेट कैंपस के बरामदे से होकर अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय के सामने पहुंचा और साथ में लाई गई बोतल से अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर सिस्टम की ढिलाई के खिलाफ चीखने लगा। इसी बीच, चौकीदार हरसरन ने उसे पहचाना तो लालू जिला सैनिक कल्याण कार्यालय की ओर भाग खड़ा हुआ। साथ आए सिपाही मुकेश कांत मिश्रा ने दो अन्य कांस्टेबलों की मदद से उसे आग लगाने से पहले ही दबोच लिया।
पुलिस ने मौके से पेट्रोल की बोतल भी बरामद की। बाद में पुलिस उसे जीप में बैठाकर अस्पताल ले गई। वहां चिकित्सा जांच में स्वास्थ्य सामान्य पाए जाने पर मदनापुर पुलिस लालू को हिरासत में लेकर घटना के बारे में पूछताछ कर रही है। एसओ जसवीर सिंह के अनुसार लालू का भाई विपिन दहेज हत्या के एक मामले में नामजद है। उसका अपहरण नहीं हुआ, बल्कि गांव की संपत्ति बेंचकर स्वयं कहीं चला गया है। लापता होने पर उसके भाई लालू ने रिपोर्ट भी दर्ज कराई, लेकिन उसका सुराग नहीं लगने पर इस मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाई जा चुकी है।