खुटार (शाहजहांपुर)। शनिवार रात चोरों ने गांव रामपुर कलां मेें किराने की दुकान में नकब लगाकर चोर डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति चुराकर ले गए। रविवार को चोरी की जानकारी होने पर दुकान स्वामी ने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। गांव कैहमारिया निवासी अनवार खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव रामपुर कलां में उसकी किराने की दुकान है। शनिवार रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चला गया। रात में चोरों ने दुकान में नकब लगाकर डेढ़ लाख रुपये का किराने का सामान चुरा लिया। रविवार सुबह गांववालों ने उसे फोन कर दुकान में चोरी होने की सूचना दी। इस पर वह दुकान पहुंचा और इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने चुनाव में व्यस्तता का हवाला देते हुए बाद में जांच करने की बात कहकर टरका दिया।
अनवार ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज किए जाने और चोरों का पता लगाकर जेल भिजवाने की मांग की है। एसओ बिरजाराम ने बताया कि वह चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था देख रहे हैं, तहरीर थाने पर दी गई होगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।