तिलहर (शाहजहांपुर)। कपसेड़ा में स्थित रेडीमेड और किराने की दुकान के ताले तोड़कर चोरों ने नकदी समेत लाखों का माल चोरी कर लिया। घटना की जानकारी सुबह होने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। फोरेसिक टीम ने फिंगर प्रिंट लिए और डॉग स्क्वॉड ने भी चोरों की सुरागरसी की लेकिन सफ्लता नहीं मिली।
गांव कपसेडा निवासी विश्राम की वॉलमार्ट के नाम से रेडीमेट की दुकान है, पड़ोस में राजीव कुमार किराना की दुकान है। रात में किसी समय चोरों ने दोनों दुकानों के ताले तोड़ दिए और यहां नकदी आदि सामान बटोर लिया। चोरों ने किराना व्यापारी राजीव कुमार की दुकान 12 हजार रुपये व हजारों रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया। चोरों ने वॉलमार्ट से चार लैपटॉप, 50 जींस पैंट, 20 साड़ियां , 30 जोड़ी जूते, 20 हजार रुपये नकद व दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर, एलसीडी चोरी कर ले गए। चोर दुकान की गोलक की रैक भी निकालकर उठा ले गए। जो गांव के उत्तर पूरब दिशा में स्थित सुरेश के खेत में पड़ी मिली, यहां पर गोलक में रखे कुछ कागजात व सिम आदि पड़े मिले। किराना व्यापारी राजीव कुमार ने बताया कि वह सुबह छह बजे दुकान खोलने पहुंचे, तब चोरी का पता चला। दुकान के पीछे जाकर देखा तब पता चला कि पड़ोस में विश्राम की दुकान के ऊपर जीने का दरवाजा टूटा पड़ा है। सूचना पर सीओ मंगल सिंह रावत, इंस्पेक्टर संजय राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड टीम भी कुछ पता नहीं लगा सकी । खोजी कुत्ता इधर-उधर घूमते हुए पास में स्टेट बैंक तक गया उसके बाद वापस आ गया। चोर एक खेत में अपनी बनियान व एक जोड़ी चप्पल छोड़ गए हैं। दुकान मालिक मनोज की पत्नी रेखा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बताते हैं कि दो माह पहले पड़ोस में ही रविंद्र की लोहे की दुकान में भी चोर शटर के ताले तोड़कर चोरी कर चुके हैं लेकिन तहरीर देने के बाद भी चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। वहीं कोतवाल संजय राय ने बताया कि रेखा की तहरीर के आधार पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर दी गई है। चोरी का जल्द खुलासा किया जाएगा।