दोस्त की गोली से घायल युवक ने तोड़ा दम
जैतीपुर (शाहजहांपुर)। गोली लगने से घायल अगरोली गांव निवासी मुलायम सिंह यादव ने बृहस्पतिवार सुबह बरेली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर सुनकर मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस ने जानलेवा हमले की रिपोर्ट हत्या की धारा में तरमीम करते हुए घटना में नामजद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि बुधवार शाम 6:30 बजे 26 वर्षीय मुलायम सिंह यादव खेत पर आलू फसल की रखवाली करने जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से ही मौजूद गांव के ही कुलदीप ने अपने भाई सुरजीत व रामकिशन और रामऔतार के साथ मिलकर उसे घर लिया। आरोप है कि कुलदीप ने 315 बोर के तमंचे से मुलायम को गोली मार दी। घटना के बाद हमलावर भाग गए। घटना के बाद मुलायम के भाई रामसेवक ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई और भाई मुलायम को जैतीपुर सीएचसी पर भर्ती कराया था। जहां गंभीर हालत में उसे बरेली रेफर कर दिया गया। बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में मुलायम को भर्ती कराया। जहां बृहस्पतिवार सुबह लगभग आठ बजे उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक के भाई ने बताया कि मुलायम और कुलदीप बहुत गहरे दोस्त थे। इनके बीच आपस में क्या कहासुनी हुई कुछ भी पता नहीं चला। मुलायम की पांच वर्ष पूर्व शादी हुई थी, उसके आठ माह की बेटी है। पत्नी अनीता और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। तिलहर सीओ मंगल सिंह रावत ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया। मृतक के शव का पोस्टमार्टम बरेली में करवाया गया है। वहीं पुलिस ने हत्या की धारा में मामला तरमीम करते हुए नामजद एक आरोपी रामऔतार को गिरफ्तार कर लिया है।
गोली से घायल मुलायम की बरेली के एक अस्पताल में मौत के बाद मामला हत्या की धारा में तरमीम कर लिया गया है। इस मामले में नामजद चार आरोपियों में से एक आरोपी रामऔतार को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश की जा रही है।
इंद्र सिंह, थाना प्रभारी