मिर्जापुर। बिजली के खंभे से लाइन जोड़ने के लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली युवक को पीठ में लगी है। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां से उसे गंभीर हालत में हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया। देर शाम तक पुलिस के पास मामले की तहरीर नहीं पहुंची थी। हालांकि सूचना के आधार पर सीओ ने गांव पहुंचकर मामले की जानकारी की और मौका मुआयना किया।
क्षेत्र के गांव बख्तावरगंज(लुखड़पुरा) निवासी महेंद्र सिंह यादव का पुत्र 25 वर्षीय आदित्य शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे गांव में बिजली के खंभे से लाइन जोड़ रहा था। पड़ोस में रहने वाले युवक ने विद्युत लाइन जोड़ने को मना किया। इस पर दोनों में गाली-गलौज होने लगा। बताते हैं कि उस समय तो पड़ोसी युवक घर चला गया। कुछ देर बाद लौटे पड़ोसी ने आदित्य को गोली मार दी, जो उसके पीठ पर लगी और वह लहूलुहान हो वहीं जमीन पर गिर गया। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग गया। परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और घायल को सीएचसी पहुंचाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुधाकर पांडेय ने गंभीर घायल सीएचसी से तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। सीओ शिवप्रसाद दुबे ने घटना स्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी की।
घायल की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सुधाकर पांडेय ,थानाध्यक्ष मिर्जापुर
घायल आदित्य कुमार को रीढ़ की हड्डी के बीच में गोली लगी है, जो उसे 315 बोर के तमंचे से मारी गई है। हालत गंभीर होने पर उसे हॉयर सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।
डॉ.वीरेंद्र कुमार, इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर जिला अस्पताल