शाहजहांपुर। रेलवे स्टेशन परिसर में सोमवार सुबह 11:30 बजे तीन लोगों ने पुवायां के एक व्यापारी से चेकिंग के नाम पर एक लाख रुपये निकलवा लिए। व्यापारी ने पहले सदर थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी, लेकिन मामला रेलवे का होने के कारण जीआरपी को तहरीर दी गई। यहां व्यापारी से 85 हजार रुपये चोरी होने की तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुवायां के मोहल्ला कमलबाग निवासी राममोहन गुप्ता की पुवायां में शाहजहांपुर रोड किनारे मोहन बुक डिपो के नाम से दुकान है। सोमवार को उन्हें बरेली के एक व्यापारी को एक लाख रुपये का भुगतान करना था। इसलिए वह पांच सौ के सौ और दो हजार के 25 नोट पैंट की जेब में रखकर प्राइवेट वाहन से सोमवार सुबह शहर आए। वह सुबह लगभग 11:30 बजे रेलवे स्टेशन परिसर में गेट के पास बरेली के व्यापारी के आने का इंतजार करने लगा। इतने में उसके पास एक युवक आया और उसने कहा कि साहब बुला रहे हैं। वे लोग पुलिस की वर्दी में थे। जैसे ही वह उन लोगों के पास पहुंचा तो वे लोग चेकिंग के बहाने उसकी तलाशी लेने लगे और जेब से रुपये उनके हाथ में जैसे ही आए उन लोगों ने जबरन निकाल लिए। वह जब तक कुछ समझ पाता वे लोग बाइक पर बैठ कर भाग गए। पीड़ित ने पहले सदर कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी लेकिन मामला रेलवे स्टेशन परिसर का होने के कारण व्यापारी को जीआरपी भेज दिया गया। यहां जीआरपी ने नई तहरीर लेने के बाद व्यापारी की 85 हजार रुपये चोरी हो जाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली। जीआरपी एसओ छत्रपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।