पुवायां (शाहजहांपुर)। दो माह पूर्व गांव करनापुर में हुई गोकशी के मामले में नामजद किए गए 11 लोगों में एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद से कोई भी अभियुक्त पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। इसको लेकर पुलिस ने रविवार को भी दो टीमें बनाकर छापामारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
गौरतलब है कि आठ मई को पुवायां-खुटार मार्ग पर भैंसी नदी के पास कुछ लोगों ने एक गाय की हत्या कर दी थी। गांव गंगसरा के विहिप कार्यकर्ता मेवाराम कई लोगों के साथ उधर से निकले और गाय कटी देखकर शोर मचा दिया था। शोर सुनकर गाय को काटने वाले मांस लेकर मौके से भाग निकले। जानकारी पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तराजू, बांट, लकड़ी का ओटा, पल्ली, सींग, खाल आदि को कब्जे में ले लिया था। इस मामले में पुलिस ने मेवाराम की ओर से गांव करनापुर के गुड्डू खां, बबलू खां, उसमान, गफ्फार, कासिम, दीन मोहम्मद, आलेनबी, शकील, पूर्व प्रधान हाकिम अली, गांव सकरापुर के महरोज, याबर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। 10 मई को पुलिस ने शकील को पकड़ लिया था। शेष दस आरोपियों के पकड़ने के लिए पुलिस ने तमाम दबिशें दी, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा। रविवार को पुलिस ने दो टीमें बनाकर घरों और खेतों की ओर से आरोपियों की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
कोतवाली प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है, जल्द ही सफलता मिल जाएगी। इसके साथ की आरोपियों के घरों की कुर्की कराने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल कर रखी है। कोर्ट से आदेश मिलते ही कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।