निगोही (शाहजहांपुर)। तीन सप्ताह बीतने के बाद भी भाजपा विधायक रोशन लाल वर्मा की कोठी से पिस्टल व पांच लाख 70 हजार रुपये की हुई चोरी का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पायी है। इससे पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लग रहा है।
बता दें कि विधायक की कोठी से सटे पेटी डीलर का कारोबार लंबे अरसे से चल रहा है। यहां शाम से सुबह तक राजाराम ही डीजल की बिक्री करते हैं। 26 मई को रोजमर्रा की तरह राजाराम अपनी ड्यूटी कर रहे थे। पेट्रोल पंप पर डीजल बिक्री के आए पांच लाख 70 हजार रुपये राजाराम ने कोठी व दुकान से जुड़े कमरे की सेफ में रख दिए थे। इसी सेफ में पहले से ही पिस्टल भी रखा था। सेफ की चाभी राजाराम ने पैंट की जेब में रख ली और पैंट को इसी कमरे में टांग दिया। बाहर से कमरे में ताला डाल दिया। सुबह राजाराम ने ताला खोला और देखा पैंट जमीन पर पड़ी है और चाभी पैंट की जेब में न होकर चौकी पर रखी देखी। सेफ से पिस्टल व पांच लाख 70 हजार रुपये भी गायब थे। विधायक के यहां हुई चोरी की सूचना पर निगोही पुलिस के साथ-साथ जिले का सारा पुलिस प्रशासन जा धमका और छानबीन की। एक सप्ताह तक चोरी के खुलासे के लिए गहमागहमी रही। विधायक के यहां हुई चोरी की वारदात भी छह माह में लगभग हुई सौ चोरियों की तरह ठंडे बस्ते में पड़ गई। विधायक के यहां चोरी का खुलासा नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लग रहा है। निगोही थानाध्यक्ष रजी अहमद का कहना है कि चोरी के खुलासे के लिए सुरागरसी चल रही है। मुकाम तक पुलिस के हाथ पहुंच चुके हैं। बहुत जल्द चोरी का खुलासा होगा। उधर, विधायक रोशनलाल वर्मा कहते हैं कि पुलिस का सारा अमला चोरी के खुलासे के लिए सक्रियता से लगा है। अभी तक पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच सकी है।