प्रधान पुत्र सहित तीन पर गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज
अश्लील फोटो खींचकर करता रहा ब्लैकमेल, रात को अपने ठिकाने पर बुलाया
दो साथियों के साथ मिलकर किया रेप, फोटो वायरल करने की दी धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर/अल्हागंज। एसपी के आदेश पर पुलिस ने एक गांव के प्रधान पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा है। आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रहीं हैं।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी को डेढ़ माह हुआ है। इससे एक वर्ष पहले एक युवक ने उसके अश्लील फोटो खींच लिए और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। उसने 11 अगस्त की रात 12 बजे उसे अपने चाचा के खाली पड़े मकान में बुलाया। नहीं आने पर धमकी दी कि फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे और तुम्हारे ससुराल वालों को दिखा देंगे। इससे डरी सहमी युवती उसके बुलाए गए ठिकाने पर पहुंची तो वहां पहले से ही दो और लोग मौजूद थे। जहां उसके साथ तीनों ने बारी बारी से रेप किया। इसके बाद धमकी दी कि घर बताया तो अंजाम बुरा होगा। इसके बाद आरोपी खुद गायब हो गया और नदी के किनारे युवती के और अपने फोटो फेंक दिए। इस घटना से युवक के परिजनों ने युवती के परिवार वालों पर अपहरण का शक जाहिर करते हुए रिपोर्ट दर्ज करा दी। आरोपी युवक दूसरे दिन वापस आ गया। तब सच्चाई पता चली। इसके बाद युवती के परिजन एसपी से मिले और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी मुख्य आरोपी जीतू और उसके साथी प्रधान पुत्र रमेश और सुमित के खिलाफ रेप आदि की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
वर्जन
घटना संदिग्ध लग रही है। मामले की गहराई से जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
अवनीश कुमार यादव, थानाध्यक्ष