ससुराल से लौटे युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, मौत
ससुरालियों ने जेल भिजवा देने की दो दिन पहले दी थी धमकी
चार माह से मायके में रह रही पत्नी ने की थी दहेज उत्पीड़न की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। ससुरालियों की ओर से जेल में बंद करवा देने की धमकी से डरे-सहमे युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
शहर के मोहल्ला तारीन जलालनगर निवासी 32 वर्षीय अमित गुप्ता पुत्र स्वर्गीय देवीदयाल की शादी चार वर्ष पहले कानपुर के आजादनगर चकोरी निवासी संतोष गुप्ता की बेटी प्रियंका से हुई थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन हो गई और पत्नी प्रियंका चार माह पहले मायके चली गई। वहां उसने पति और सास पुष्पा के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। मामला पांच लाख रुपये के समझौते अटक गया। आठ अगस्त को अमित दो लाख रुपये का बैंक ड्राफ्ट और एक लाख रुपया नकद देने के लिए लेकर चला गया। जहां उसने तीन लाख रुपये लेकर शिकायत को वापस कर लेने को कहा लेकिन वह लोग नहीं माने। पत्नी को घर लाने के लिए वह 11 अगस्त को कानपुर में ही रुका रहा लेकिन सफलता नहीं मिली। आरोप है कि ससुरालियों ने उसे जेल भिजवा देने की धमकी दी। इसी डर की वजह से उसने रविवार शाम घर लौटते समय रास्ते में कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे रात 2:15 बजे नवादा इंदेपुर निवासी भांजा ध्रुव गुप्ता जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसे डॉ. ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
अभी इस संबंध में तहरीर नहीं मिली है। हालांकि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी। - डीसी शर्मा, इंस्पेक्टर सदर कोतवाली