दो पक्षों में मारपीट, महिलाओं सहित पांच जख्मी
टेंपो और कूड़े का ढेर हटाने को लेकर हुए विवाद में चले डंडे
दोनों पक्ष ने तहरीर, पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का दिया आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के गांव चिनौर में बृहस्पतिवार सुबह दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों की ओर से महिलाओं सहित पांच लोग जख्मी हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया है। मामले की दोनों ओर से तहरीर दी गई है।
गांव चिनौर में विजनेश कुमार दीक्षित और पुष्पा थापा का मकान अगल-बगल है। बृहस्पतिवार सुबह दोनों पक्षों के बीच गली में कूड़े का ढेर और टेंपो हटाने को लेकर विवाद हो गया। विजनेश ने आरोप लगाया कि पुष्पा उसके घर के सामने दुकान के करीब आए दिन कूड़े का ढेर लगा देती है। बृहस्पतिवार को भी कूड़े का ढेर लगा दिया। इस पर उसकी पत्नी जावित्री दीक्षित ने विरोध किया तो गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू कर दी। इतने में पुष्पा के परिवार के और लोग भी आ गए। उसकी बेटी रेनू और पिंकी बचाने पहुंची तो उन लोगों ने उन्हें भी लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इस मारपीट में उसकी दोनों बेटियों के सिर फट गए। वह बचाने पहुंचा तो उसे भी जख्मी कर दिया। वहीं पुष्पा ने आरोप लगाया कि उसने बिजनेश से घर के पास से टेंपो हटाने को कहा तो उसने मना कर दिया और इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप लगाया कि बिजनेश ने अपने परिवार वालों के साथ मिलकर उस पर हमला बोल दिया। इससे वह भी लहूलुहान हो गई। गांव के लोगों ने जैसे-तैसे मामले को शांत किया। बाद में दोनों पक्षों ने सदर कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी। पुलिस ने डॉक्टरी रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।