शाहजहांपुर। अधिकारी भले ही दुपहिया वाहन चालकों में हेलमेट के इस्तेमाल के प्रति जागरूकता लाने के साथ बगैर हेलमेट बाइक स्कूटी चलाने पर वाहनों का चालान का नेताओं के बेटों में इसका कोई खौफ नहीं है। कांट में जलालाबाद मार्ग स्थित सियाराम फिलिंग स्टेशन पर मंगलवार देर शाम बाइक में पेट्रोल भराने पहुंचे एक पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं जिला पंचायत सदस्य के दो बेटों ने बगैर हेलमेट पेट्रोल देने से इंकार करने पर वहां के सेल्समैन पवन कुमार वर्मा को पीट दिया।
पेट्रोल पंप स्वामी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख के बेटों ने उनके बेटों और सेल्समैन को भी गालियां दीं। उन्होंने बताया कि इस मामले में सेल्समैन की ओर से कांट थाने में नामजद तहरीर दी गई है। उन्होंने बताया डीएम अमृत त्रिपाठी को अवगत कराए जाने पर उन्होंने घटना को गंभीरता से लिया। डीएम के निर्देश पर कांट थाना के प्रभारी निरीक्षक ने पेट्रोल पंप पर पहुंचकर सेल्समैन से पूछताछ की। थाना इंचार्ज धनंजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।ब्यूरो