शाहजहांपुर। कबाड़ व्यापारी को बदमाशों ने स्विफ्ट कार में लिफ्ट देने के बाद 1.18 लाख रुपये लूट लिए। व्यापारी को बरेली मोड़ के पास हाईवे किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। व्यापारी अजीजगंज चौकी पहुंचा। देर शाम तक मामला दो थानों के बीच सीमा विवाद में फंसा रहा। रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी।
सीतापुर के महोली निवासी रसूल उर्फ गुड्डू कबाड़ व्यापारी है। उसके पास ट्रक भी है। इसका इस्तेमाल ट्रांसपोर्ट में करता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से वह कानपुर के लिए माल भरकर चला था। मंगलवार रात अपने पार्टनर सीतापुर के थाना महोली के गांव मनकापुर के यूनुस के साथ मीरानपुर कटरा पहुंचा। यहां यह लोग ट्रक से उतर गए। ट्रक आगे ले जाने के लिए ड्राइवर और हेल्पर को दे दिया। बुधवार तड़के मीरानपुर कटरा में यह लोग महोली लाने के लिए वाहन का इंतजार करने लगे। एक स्विफ्ट कार आई। इसमें चार लोग सवार थे। इन लोगों ने सीतापुर चलने की बात कही। रसूल और यूनुस इसमें सवार हो गए। कार तिलहर पहुंची। यहां सभी लोग एक ढाबा पर खाने-पीने के लिए रुके। तिलहर में कार सवार लोगों ने गच्चा देकर यूनुस को कार से उतार दिया। रसूल को वहां से लेकर चल दिए। रास्ते में कार सवार चार लोगों ने रसूल से 1.80 लाख रुपये लूट लिए। करीब साढ़े आठ बजे नेशनल हाईवे पर बरेली मोड़ से करीब एक किमी पहले उसे कार से झाड़ियों में फेंक दिया। रसूल ने यूपी 100 को फोन किया। यूपी 100 के साथ पुलिस भी पहुंच गई। अजीजगंज चौकी पुलिस मामले को पूरा दिन दो थानों के बीच सीमा विवाद में उलझाए रही। देर शाम तक रसूल की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। चौक कोतवाली का एक दरोगा उसे वास्तविक घटना स्थल जानने की बात कहकर अपने साथ लेकर घूमता रहा।