शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा पुलिस ने जालंधर से चोरी किए ट्रक को बरामद कर लिया। दो चोर भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों चोरी का ट्रक बेचने को ग्राहक की तलाश में निकले थे।
कटरा थाने के उपनिरीक्षक आशीष कुमार को रविवार सुबह 6:30 बजे सूचना मिली कि कुछ लोग बिना नंबर चोरी का ट्रक लेकर बेचने को शाहजहांपुर से कटरा पहुुंच रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक ने पुलिस टीम के साथ नेशनल हाईवे पर फीलनगर नहर पुलिया के पास ट्रक को रुकवाने की कोशिश की तो थोड़ा पहले ही ट्रक रोक लिया और दो लोग उतरकर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक से उतरकर भाग रहे बिहार के जिला विष्णु पट्टीपुर के थाना मुजफ्फरपुर के सहायबगंज निवासी राधे ठाकुर और हरदोई कोतवाली के गांव गमुईया सांडी निवासी शंकर को दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए दोनों लोगों के पास से पुलिस टीम ने एक-एक चाकू भी बरामद किया है। दोनों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि यह ट्रक उन्होंने एक माह पहले पंजाब के जालंधर जिले से चुराया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।