शाहजहांपुर। जहरखुरान गिरोह के सदस्य ने मोहम्मदी क्षेत्र के एक युवक को शनिवार रात रोडवेज बस स्टैंड के पास नशीली चाय पिलाकर लूट लिया। जहरखुरान उसका कपड़ों व 46 हजार रुपयों से भरा बैग और कीमती मोबाइल ले गया। युवक को उसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां कुछ होश में आने पर उसने घटना की जानकारी दी।
लखीमपुर खीरी के थाना मोहम्मदी क्षेत्र के गांव अलीनगर निवासी 25 वर्षीय गजेंद्र वर्मा गाजियाबाद में एक प्राइवेट फर्म में काम करता है। दीपावली के बाद वह अपने घर लौट रहा था। शनिवार शाम वह इलाहाबाद एक्सप्रेस में बैठकर शाहजहांपुर के लिए चल दिया। रात लगभग दो बजे वह स्टेशन पर उतरने के बाद रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचा और गोला मोहम्मदी की ओर जाने वाली बस का इंतजार करने लगा। इसी दौरान उसके पास एक युवक आया और कुछ देर खड़े रहने के दौरान उससे पूछताछ की। इस पर उसने अपने गांव का नाम बताया तो उसने भी कह दिया कि वह भी मोहम्मदी क्षेत्र के गांव दिलावरपुर का रहने वाला है। उसे भी वहीं जाना है। दोनों साथ-साथ निकल चलेेंगे। इसके बाद उसने दोस्ती करते हुए चाय पीने को कहा। गजेंद्र उसकी बातों में आ गया और चाय पी ली। कुछ देर बाद जब उसे बेहोशी छाने लगी तो वह गजेंद्र का बैग लेकर चला गया। सुबह लगभग दस बजे उसे बेहोशी की हालत में रोडवेज बस स्टैंड के पास से उठाकर कांशीराम कालोनी निवासी दुर्गेश ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां कुछ होश आने पर उसने अपने से हुई घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि बैग में 46 हजार रुपये और 12 हजार कीमत का मोबाइल था। जहरखुरान मोबाइल भी ले गया। अस्पताल कर्मचारियों के मुताबिक पूरी तरह से होश में आने के बाद वह बिना बताए कहीं चला गया।