मैगलगंज/हैरमखेड़ा (लखीमपुर खीरी)। कोतवाली मैगलगंज के गांव कपासी निवासी राम सिंह की पत्नी 30 वर्षीय ममता की शनिवार की आधी रात घर से करीब 150 मीटर दूर स्थित प्राथमिक स्कूल परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव के पास पानी भरा लोटा भी रखा था। घर वालों का कहना है कि गांव के ही कुछ लोगों से जमीन की पैमाइश को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई कि ममता रात में शौच को गई होगी। इसी बीच हमलावरों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने पति की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव कपासी निवासी राम सिंह ने बताया कि शनिवार को वह इसी थाना क्षेत्र के गांव जहाननगर निवासी अपनी बहन के घर गए थे। घर पर पत्नी ममता देवी तीन छोटे बच्चों के साथ में थी, जबकि पिता मनोहर लाल उसके घर के मकान से करीब 50 मीटर दूर दूसरे मकान में रहते हैं। रात करीब एक बजे पत्नी शौच करने गांव के बाहर बने प्राथमिक विद्यालय की तरफ खेत में गई थी, जहां उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। पत्नी जब काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो बड़ी पुत्री लक्ष्मी अपने बाबा के पास गई और बताया कि मम्मी शौच के लिए गईं थी, जो अभी तक नहीं आई। इस पर पिता ने परिवार के अन्य लोगों के साथ गांव और खेतों में तलाश की। तलाश के दौरान पत्नी का शव गांव के बाहर स्थित प्राथमिक स्कूल के परिसर में खून से लथपथ पड़ा मिला। पत्नी के सिर पर गोली लगी थी। सूचना पर रात में ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आनन-फानन में शव उठाकर कोतवाली ले आई। मृतका के पति राम सिंह का आरोप है कि उसकी गांव के ही घनश्याम आदि से जमीन की पैमाइश को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। साल भर पहले भी विपक्षियों ने मारपीट की थी, जिसका मुकदमा भी अदालत में विचाराधीन है। आरोप है कि इसी की रंजिश के चलते उसकी पत्नी की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस ने पति की तहरीर पर एक ही परिवार के टन्नू, घनश्याम, छोटेलाल और कल्लू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
00000000000000
वर्जन..
महिला के कनपटी पर गोली लगने से मौत हुई है। घर वालों ने जमीनी विवाद में हत्या करने का चार लोगों पर आरोप लगाया है। चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, लेकिन नामजदगी संदिग्ध है। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
एलडी भारती, सीओ मितौली।
000000000000000000000000
पुलिस के गले नहीं उतर रही मर्डर मिस्ट्री
हैरमखेड़ा। गांव कपासी में हुए ममता देवी हत्याकांड की जो घर वाले कहानी बयां कर रहे हैं, वह पुलिस के साथ ही किसी के गले नहीं उतर रही है। घटना स्थल पर यदि गौर करें तो प्राथमिक स्कूल परिसर में जिस स्थान पर खून पड़ा था, उससे करीब एक मीटर दूर महिला का शव था। मृतका के कपड़े भी अस्त-व्यस्त नहीं थे। शव भी सामान्य अवस्था में था। एक चप्पल उसके पैर में थी, जबकि दूसरी चप्पल खून के पास पड़ी थी। पति का कहना है कि पत्नी की हत्या मेड़बंदी की पैमाइश को लेकर की गई है, लेकिन यह बात न तो पुलिस के गले उतर रही है और न ही ग्रामीणों के। पुलिस हर बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है। वहीं गांव में लोग चुप्पी साधे हैं। सीओ मितौली एलडी भारती ने बताया कि यह सही है कि तहरीर में जिन चार लोगों के नाम दिए गए हैं उनका जमीनी विवाद मृतका के घर वालों से चल रहा है, लेकिन इस रंजिश में महिला की हत्या करने की बात गले से नहीं उतर रही है। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस के शक की सुई मृतका के घर के आसपास घूम रही है।
00000000000000000000