व्यापारी के बेटे की संदिग्ध हालात में मिली लाश
दो दिन से लापता था, तीसरे दिन गोदाम से दुर्गंध आने पर हुई जानकारी
कनपटी के पास गोली लगने का निशान, पैरों के बीच में पड़ा था तमंचा
एसपी ने किया मौका मुआयना, फोरेंसिक टीम ने लिए फिंगर प्रिंट
फोटो-24-मृतक का फाइल फोटो-
अमर उजाला ब्यूरो
रोजा। मंडी गेट के पास इंडस्ट्रीयल एरिया में रहने वाले कृषि यंत्र व्यापारी के लापता बेटे का शव तीसरे दिन उनके ही गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। उसके कनपटी के पास गोली लगी थी। तमंचा दोनों पैरों के बीच में पड़ा था। एसपी, एएसपी सिटी ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली। मौके से फोरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट लिए और डॉग स्क्वॉड के सहारे भी सुरागरसी की गई। घटना स्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस भी हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी हुई है। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।
व्यापारी प्रेम कुमार शर्मा का पुत्र 24 वर्षीय सूरज शर्मा 29 जून को सुबह दस बजे बैंक जाने की बात कहकर घर निकल गया लेकिन देर शाम तक वह वापस नहीं आया। इस पर उसके मोबाइल पर कॉल की गई, तो स्वीच ऑफ था। मामले की पुलिस को सूचना देकर मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगवाने के साथ ही उसकी देर रात तक तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस को सुबह दोबारा सूचना देने के बाद फिर से तलाश किया गया। मगर उसका पता नहीं चला। रविवार सुबह लगभग 10:30 बजे गोदाम के पास मजदूर पहुंचे तो घर के पास से गोदाम को जाने वाले दरवाजे के पास से कुछ दुर्गंध महसूस हुई और अंदर से दरवाजा बंद था। सड़क की तरफ दुकान के पास से भी गोदाम का गेट अंदर से बंद था और अंदर से दुर्गंध आ रही थी। दरवाजे का कुंडा तोड़कर जब लोग अंदर पहुंचे तो सूरज का शव पड़ा था। सिर के पास ढेर सारा खून था जो काला होकर जम गया था और एक तमंचा दोनों पैरों के बीच में था। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष जसवीर सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे और मामले की जानकारी एसपी को दी। फिर एसपी डॉ. एस चन्नप्पा, एएसपी दिनेश त्रिपाठी भी फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंचे और घटना को लेकर गहराई से छानबीन की। मौके पर मिले तमंचे को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
------
अभी हत्या या आत्महत्या के बारे में स्पष्ट रूप से कहना मुश्किल है। मौके की वीडियोग्राफी कराने के साथ ही फोरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट लिए हैं और डॉग स्क्वॉड के जरिये भी साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कुछ कहा जा सकता है।
डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी