खुटार (शाहजहांपुर)। गांव नगरा में एक धार्मिक स्थल के निर्माण को लेकर दो समुदायों के बीच मंगलवार को शुरू हुआ विवाद किसी भी समय बड़े बवाल का रूप धारण कर सकता है। बुधवार को एक बार फिर उस समय दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए जब एक समुदाय के कुछ लोगों ने धार्मिक स्थल पर पुताई का काम शुरू करा दिया। विवाद तूल पकड़ता कि इससे पहले किसी ने पुलिस को सूचना कर दी। इस पर आनन-फानन में पहुंची पुलिस ने डंडे फटकार कर लोगों को मौके से खदेड़ा। पुलिस दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति को थाने ले आई और दोनों पक्षों को मौके पर यथास्थित बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
मालूम हो कि मंगलवार को गांव में एक धार्मिक स्थल के निर्माण पर दूसरे समुदाय के लोगों ने आपत्ति जताते हुए निर्माण कार्य बंद कराने की मांग की थी। इस संबंध में पुलिस को तहरीर भी दी गई थी। वहीं दूसरे पक्ष ने निर्माण कार्य की अनुमति होने की बात कहते हुए पुलिस पर धार्मिक स्थल पर बने गुंबद को गिरवा देने का आरोप लगाया था। पुलिस ने दोनों ओर से तहरीर लेकर रख ली थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। बुधवार सुबह एक समुदाय द्वारा वहां पुताई शुरू किए जाने के बाद दोनों पक्षों के आमने-सामने आ जाने से एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि कुछ देर बाद ही वहां मौके पर पुलिस पहुंच गई और उसने डंडे फटकार भीड़ को खदेड़ दिया। घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बताई जा रही है। इसके चलते ऐहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जिला मुख्यालय से गई टीम ने लोगों से मामले की जानकारी ली।
थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि गांव से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर गई थी। गांव में एक दरोगा और एक सिपाही को तैनात कर दिया गया है। दोनों पक्षों से शांति और यथास्थित बनाए रखने को कहा गया है। मामले की जांच की जा रही है। उधर, अभिसूचना इकाई की ओर से भी मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कमेटी करेगी लाठी चार्ज की जांच, हटेगा हल्का दरोगा
शाहजहांपुर। बंडा में धार्मिक स्थल के निर्माण के दौरान हुए विवाद में बुधवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता थाना प्रभारी का पुतला फूंकने के लिए कलक्ट्रेट गेट पर इकट्ठा हो गए। जानकारी मिलते ही प्रशासन सतर्क हो गया। डीएम अमृत त्रिपाठी, एसपी डॉक्टर एस चन्नप्पा ने मामले की मोबाइल पर जानकारी की। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राजेश अवस्थी को प्रशासन ने वार्ता के लिए आमंत्रित किया। एएसपी ग्रामीण सुभाष चंद्र शाक्य, एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी के साथ वीएचपी नेता की वार्ता हुई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि लाठी चार्ज की जांच के लिए कमेटी गठित की जाएगी और पीड़ित पक्ष के बयान भी लिए जाएंगे और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। हल्का इंचार्ज को भी वहां से हटा दिया जाएगा। वीएचपी नेता ने कहा कि अवैध रूप से निर्मित कराए गए धार्मिक स्थल को ढहाया जाए, नहीं तो आंदोलन किया जाएगा।