फोटो-28, घटना स्थल पर जाम खुलवाने पहुचे एसडीएम सदर व सीओ बलदेव सिंह खनेड़ा
हादसे में बालक की मौत पर गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम
गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आई साइकिल
क्रासर
एसडीएम सदर, सीओ ने बमुश्किल एक घंटे बाद खुलवाया जाम
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर/कांट।
कांट-जलालाबाद रोड पर जमौर गांव के सामने बृहस्पतिवार दोपहर ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर साइकिल सवार बालक की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर जाम लगा दिया। एसडीएम, सीओ के समझाने पर एक घंटे बाद बमुश्किल जाम खुल सका।
गांव जमौर निवासी धर्मपाल प्रजापति का 11 वर्षीय बेटा मोहन कक्षा छह का छात्र था। बृहस्पतिवार दोपहर लगभग एक बजे वह साइकिल की मरम्मत कराने के लिए गांव के अंदर से सड़क पर आया, तभी अचानक शाहजहांपुर की ओर से कांट की तरफ जा रही इंटरलॉक ईंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में वह मय साइकिल के आ गया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल हुए मोहन ने कुछ ही देर में मौके पर दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया और ट्रैक्टर को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में ले लिया। उधर, परिजन मौके पर पहुंचे और मोहन के शव को न पाकर गुस्से में आकर रोड पर जाम लगा दिया। परिजनों का कहना था कि उनके आने से पहले बेटे के शव को क्यों हटा दिया गया। जाम लगाए जाने की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह पहुंच गए और ग्रामीणों को शांत करने की कोशिश की लेकिन वह लोग शांत नहीं हुए। बाद में एसडीएम रामजी मिश्र व सीओ सदर बलदेव सिंह खनेड़ा मौके पर पहुंचे और गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों को बमुश्किल शांत कर जाम खुलवाया। जाम लगने से लगभग एक घंटा लोग परेशान रहे।
----
बालक मोहन की हादसे में मौत पर परिजन तत्काल बिना सूचना दिए शव मौके से हटाए जाने से नाराज थे और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। उन्हें समझाकर शांत कर दिया गया और हर संभव कार्रवाई का भरोसा दिया गया।
रामजी मिश्र, एसडीएम सदर