हरियाणा पुलिस का अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र स्थित कच्चा कटरा मोड़ के पास एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर शुक्रवार दोपहर हरियाणा पुलिस ने छापा मारा। यहां से पुलिस कुछ जरूरी अभिलेख और डॉ. समेत तीन लोगों को अपने साथ ले गई है। डॉक्टर को हरियाणा पुलिस से छुड़वाने के लिए भाजपा नेता लगे रहे लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई। इस कार्रवाई के बाद अल्ट्रासाउंड सेंटर पर ताल लग गया।
कच्चा कटरा मोड़ के पास सत्यानंद अल्ट्रासाउंड पर रोजाना की तरह डॉ. सत्यानंद मिश्रा मरीजों का अल्ट्रासाउंड कर रहे थे। सेंटर पर अन्य मरीजों की भारी भीड़ भी लगी हुई थी, तभी अचानक उनके सेंटर के सामने एक साथ तीन गाड़ियां आकर रुकी। इनमें दो गाड़ियों में पुलिस कर्मी थे और एक गाड़ी में लड़की का परिवार था। सेंटर के अंदर जैसे ही पुलिस पहुंची वहां हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ करने के साथ ही सेंटर से मेडिकल से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी कब्जे में ले लिए। कार्रवाई कर पुलिस टीम डॉक्टर को लेकर कोतवाली पहुंची। बताते हैं कि तभी पीछे से भाजपा के एक नेता भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच गए और डॉक्टर को छोड़े जाने का दबाव बनाने लगे। इस पर पुलिस टीम ने उन्हें कोर्ट का वारंट दिखाकर छोड़ने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम उन्हें लेकर हरियाणा चली गई, हालांकि इस दौरान भाजपा नेता ने पुलिस टीम का बरेली मोड़ तक अपनी गाड़ी से पीछा भी किया लेकिन पुलिस टीम तक उन्हें लेकर जा चुकी थी। बताते हैं कि पुलिस डॉ. के साथ दो अन्य लोगों को भी ले गई है। हालांकि स्थानीय पुलिस इस मामले में कुछ भी जानकारी होने से इंकार कर रही है।
गुरुग्राम के शिवनगरा थाने में दर्ज है मामला
बताया जा रहा है कि डॉ. सत्यानंद मिश्रा समेत दो लोगों के खिलाफ हरियाणा के जिला गुरुग्राम के शिवनगरा थाने में एक युवती ने भ्रूण हत्या का मामला दर्ज था। इसी सिलसिले में डॉ. की पुलिस को तलाश थी। इसलिए पुलिस ने एक दिन पहले ही यहां डेरा जमा लिया था।
बेटा बोला अभी हमें ही कोई जानकारी नहीं है
डॉ. सत्यानंद के बेटे डॉ. गौरव ने बताया कि मुझे सही स्थिति के बारे में अभी कुछ पता नहीं है। गुरुग्राम जाने के बाद ही कुछ जानकारी होने पर हम बता पाने की स्थिति में होंगे।